विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मांगती नाला भूस्खलन: कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग ठप, यात्रियों को आज यात्रा टालने की सलाह

Published: Fri, 02 Oct 2026 01:39 PM (IST)

मांगती नाले के पास भारी भूस्खलन से तवाघाट-गुंजी-लिपुलेख मोटर मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है, जिससे कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग भी प्रभावित हुआ है।

HighLights

  1. मांगती नाले के पास भारी भूस्खलन से मार्ग अवरुद्ध

  2. कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पूरी तरह ठप हुआ

  3. ड्रिल मशीनों से मलबा हटाने का कार्य जारी है

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। चीन सीमा तक जाने वाली तवाघाट-गुंजी-लिपुलेख मोटर मार्ग पर 72 किलोमीटर के समीप मांगती नाले के पास भारी भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

पहाड़ी से दरककर सड़क पर गिरी विशालकाय चट्टान और मलबे के चलते मार्ग बंद हो गया है, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल इस मोटर मार्ग को रेड जोन में रखा है।

भूस्खलन का खतरे

घटनस्थल पर स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है। सड़क पर एक बेहद विशाल पत्थर गिरने के कारण मार्ग को तत्काल खोल पाना काफी मुश्किल हो गया है। अधिकारियों के अनुसार वहां सामान्य ब्लास्टिंग करना भी संभव नहीं है, जिसके चलते अब ड्रिल मशीनों की मदद से पत्थरों को तोड़ने और मलबा हटाने का प्रयास किया जा रहा है। मलबे की अधिकता के कारण मोटर मार्ग के आज देर शाम तक ही बहाल हो पाने की संभावना जताई जा रही है।

अचानक मार्ग बंद होने से कई तीर्थयात्री व स्थानीय लोग फंस गए। सूचना मिलते ही पांगला थाने से पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पांगला थाने में कार्यरत हेड कांस्टेबल सोबन सिंह ने त्वरित सक्रियता दिखाते हुए जोखिम भरे हालात में मांगती नाले के बीच से यात्रियों को पैदल सुरक्षित पार कराया।

प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी टूर ऑपरेटरों को विशेष रूप से सूचित किया है कि वे आज अपनी यात्रा बिल्कुल शुरू न करें। सभी यात्रियों व वाहन चालकों से मार्ग के पूरी तरह से सुचारू होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रुके रहने की अपील की गई है।