विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूलागाड़ बेली ब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश, एडीएम ने लिया जायजा

Published: Sun, 13 Sep 2026 07:12 PM (IST)

चीन सीमा को जोड़ने वाले हाईवे पर कूलागाड़ में पुल बहने से अवरुद्ध मार्ग पर बेली ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. कूलागाड़ में बेली ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश।

  2. अपर जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश।

  3. यातायात बहाली, पर्यटन और आदि कैलाश यात्रा हेतु महत्वपूर्ण।

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। चीन सीमा को जोड़ने वाले एक मात्र हाईवे पर कूलागाड़ में पुल बहने से अवरुद्ध मार्ग पर बैली ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी लाने की कवायद शुरू हो गई है।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह ने रविवार को कूलागाड़ पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बेली ब्रिज निर्माण और राहत कार्यों की वस्तुस्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। बीआरओ के अधिकारियों को जल्दी बेली ब्रिज निर्माण के लिए कहा।

अपर जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया जाए, ताकि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था बहाल हो सके।

उन्होंने कहा कि यह मार्ग स्थानीय जनता की आवश्यकताओं, पर्यटन गतिविधियों तथा आगामी आदि कैलास यात्रा के दृष्टिगत सामरिक और व्यावहारिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण है। बेली ब्रिज निर्माण अति शीघ्रता के साथ प्राथमिकता के साथ किया जाए।

इसके उपरांत एडीएम ने सेना के सहयोग से तैयार किए गए वैकल्पिक अस्थाई पैदल मार्ग का भी जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों एनडीआरएफ, एसडीआरएफ , पुलिस ,राजस्व टीम को निर्देश दिए कि पैदल आवाजाही करने वाले यात्रियों को सुरक्षित रूप से पार कराया जाए और जवान लगातार पुल पर तैनात रहें।

वहीं, सिंचाई विभाग और लोनिवि को नदी तल से अतिरिक्त मलबा अविलंब हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। चेतावनी दी गई कि विभागीय लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी,बीआरओ के कमांडर, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।