कांवड़ लेने भक्तों का जत्था हरिद्वार रवाना
संवाद सूत्र थल प्रसिद्ध बालेश्वर महादेव मंदिर से भक्तों का जत्था कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार रवाना ह
संवाद सूत्र, थल: प्रसिद्ध बालेश्वर महादेव मंदिर से भक्तों का जत्था कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार रवाना हो गया है। रवाना होने से पूर्व मंदिर में पूजा-अर्चना की गई।
महादेव मंदिर में आरती के बाद रामगंगा, बहुला व कोकिला नदी के त्रिवेणी संगम का जल घड़े में भरा गया। जिसे विधि-विधान से हरिद्वार में गंगा नदी में समाहित कर नदी को अर्घ्य दिया जाएगा। हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से 17 जुलाई को बालेश्वर महादेव मंदिर के स्वंयभू शिवलिंग में जलाभिषेक किया जाएगा। इसी के साथ ही मंदिर में ग्यारह दिवसीय महाशिवपुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कांवड़ यात्रा बैजनाथ, ग्वालदम, थराली, कर्णप्रयाग, सोनप्रयाग, पौड़ी, देवप्रयाग, ऋषिकेश होते हुए हरिद्वार पहुंचेगी। कांवड़ लाने के लिए गोविंद भट्ट, अनिल कार्की, भुवन चंद्र पंत, चारू चंद्र उपाध्याय, नवराज सिंह जंगपांगी, प्रहलाद सिंह जंगपांगी, हरीश चंद्र भट्ट गए हैं। इससे पूर्व जत्थे को ढोल-नगाड़ों व शंख ध्वनि के साथ रवाना किया गया। जत्थे के रवाना करने वालों में व्यापार मंडल अध्यक्ष बलवंत सत्याल, पुजारी नवीन चंद्र जोशी, शिव मंदिर के वरिष्ठ पुजारी मथुरादत्त भट्ट, गिरीश चंद्र भट्ट, दामोदर लोहनी, दिनेश सत्याल, लीला भट्ट, द्रोपदी भट्ट, महिराज सिंह भैंसोड़ा आदि मौजूद रहे।