दीपावली पर भारत-नेपाल को जोड़ने वाला अंतरराष्ट्रीय पुल खुला, 142 लोगों ने की आवाजाही
दीपावली के दिन भारत-नेपाल सीमा पर धारचूला का अंतरराष्ट्रीय झूला पुल एक घंटे के लिए खोला गया।
धारचूला, जेएनएन : भारत में फंसे नेपाली लोगों के नेपाल आने के लिए नेपाल प्रशासन की मांग पर दीपावली की सायं धारचूला में भारत और नेपाल को जोड़ने वाला झूलापुल खुला। लगभग एक घंटे तक खुले पुल पर 142 लोगों ने आवाजाही की ।
दीपावली पर भारत में फंसे नेपालियों द्वारा अपने प्रशासन से दीपावली पर अपने घर जाने के लिए पुल खोलने का अनुरोध किया गया था। इस अनुरोध पर नेपाल प्रशासन द्वारा भारतीय प्रशासन से पुल खोलने का अनुरोध किया गया। नेपाल प्रशासन के अनुरोध पर उपजिलाधिकारी एके शुक्ला ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ डा. वीके जोगदंडे से संस्तुति मांगी। जिलाधिकारी द्वारा गृह मंत्रालय से बात कर एक घंटे के लिए पुल खोलने की अनुमति मिली। इस अनुमति पर शनिवार सायं छह बजे से सात बजे तक अंतरराष्ट्रीय झूला पुल खोला गया।
एसडीएम एके शुक्ला ने बताया कि पुल खुलने पर भारत में फंसे 86 नेपाली नागरिक अपने देश गए। इस दौरान नेपाल से 56 लोग भारत आए। कुल 142 लोगों ने आवाजाही की । मालूम हो कि भारतीय व्यापारियों द्वारा बीते दिनों दीपावली को देखते हुए 12 से 14 नवंबर तक तीन दिन सुबह दस बजे से सायं पांच बजे तक पुल खोलने की मांग की थी। भारतीय व्यापारियों की मांग पर पुल नहीं खोला गया। जिसे लेकर बीते दिनों भारतीय व्यापारियों ने प्रदर्शन तक किया था। इस बीच नेपाल की मांग पर दीपावली के दिन एक घंटा पुल खुलने पर भारतीय व्यापारियों ने आक्रोश जताया है।
एसडीएम ने बताया कि शनिवार को पुल खुलने के दौरान आवाजाही करने वालों की चिकित्सा टीम द्वारा सभी की जांच की गई। इस मौके पर पुल पर प्रशासन, राजस्व टीम, पुलिस, एसएसबी और चिकित्सा टीम मौजूद रही।