भारत, नेपाल सीमा सील, झूला पुलों पर लटके ताले
ग्यारह अप्रैल के मतदान को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर नेपाल सीमा सील कर दी गई है।
पिथौरागढ़: ग्यारह अप्रैल के मतदान को देखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के आदेश पर नेपाल सीमा सील कर दी गई हैं। दोनों देशों को जोड़ने वाले झूला पुलों पर ताले लटक चुके हैं। अब सीमा पर आवाजाही 12 अप्रैल को होगी।
भारत नेपाल सीमा पर सर्वाधिक व्यस्त रहने वाले अंतरराष्ट्रीय झूला पुल पर तैनात एसएसबी निरीक्षक कश्मीर सिंह ने बताया कि सामान्य दिनों में पुलों पर सुबह छह बजे से सायं सात बजे तक आवाजाही रहती है। सोमवार को जिलाधिकारी पिथौरागढ़ के निर्देश पर दो घंटे पूर्व पांच बजे झूला पुल 72 घंटों के लिए बंद कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह से ही एक दूसरे देश को आने जाने वाले लोगों को आज दो घंटे पहले पुल बंद होने की सूचना दे दी गई थी। दोनों देशों के नागरिकों को पांच बजे से पूर्व खरीदारी कर अपने-अपने देशों में जाने को कहा गया था। ठीक पांच बजे झूलाघाट, जौलजीवी, बलुवाकोट, धारचूला, तिकड़म और उच्च हिमालयी व्यास घाटी स्थित सीता पुल को 72 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।