पिथौरागढ़ के उच्च हिमालय में फिर भारी हिमपात, खलिया टॉप तक बर्फबारी
पिथौरागढ़ जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल चुका है। उच्च हिमालय में फिर हिमपात हुआ।
पिथौरागढ़/ मुनस्यारी/धारचूला, जेएनएन : जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल चुका है। दिन भर आसमान बादलों से घिरा रहा। जिले के विभिन्न स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई तो मुनस्यारी में तेज बारिश हुई । सुबह से ही उच्च हिमालय में हिमपात जारी है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छियालेख से चीन सीमा लीपूलेख तक हिमपात हो रहा है। मुनस्यारी के खलिया टॉप में भी बर्फबारी हुई है।
गुरु वार की सुबह से ही जिले भर में आसमान बादलों से ढका था। ठंडी हवाएं चलती रही जिसके चलते तापमान में गिरावट आ गई थी। इस दौरान जिले के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई । मुनस्यारी से मिले समाचारों के अनुसार सुबह से ही आसमान घने बादलों से घिरा था। रात से ही उच्च हिमालय और ऊंची चोटियों पर हिमपात होने लगा था। अपरान्ह को मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश हुई। इस दौरान मुनस्यारी के शीर्ष में स्थित खलिया टॉप में हिमपात हुआ। हिमालय की ऊंची चोटियों हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, छिपलाकेदार सहित पूरे उच्च हिमालय में हिमपात जारी है। मुनस्यारी का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान दस डिग्री है।
धारचूला के निचले इलाकों में सायं को हल्की बर्षा हुई। उच्च हिमालयी दारमा और व्यास घाटी में हिमपात जारी है। व्यास घाटी में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छियालेख से लेकर लिपूलेख तक हिमपात हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम के चलते होली के रंग में भी भंग पड़ने के आसार हैं।