सरकारी अस्पतालों ने किया रेफर, निजी अस्पताल में हुआ सामान्य प्रसव
जागरण संवाददाता पिथौरागढ़ दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्र के रोगियों के साथ सरकारी अस्पतालों म
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़: दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्र के रोगियों के साथ सरकारी अस्पतालों में किस तरह का व्यवहार किया जाता है। इसका दृष्टांत पिथौरागढ़ के हरगोंिवंद पंत जिला महिला चिकित्सालय से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में देखने को मिला। तहसील बंगापानी की एक प्रसव पीड़िता को जबरन पिथौरागढ़ से एसटीएच हल्द्वानी रेफर किया गया । हल्द्वानी में भर्ती करने के बाद मामले को गंभीर बताते हुए वहां से भी बाहर जाने को मजबूर कर दिया। लाचार परिजन जब महिला को प्रसव के लिए एक निजी अस्पताल में ले गए तो वहां पर मात्र एक घंटे बाद महिला का सुरक्षित प्रसव हो गया। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित हैं।
मंगलवार को जिला मुख्यालय से लगभग 120 किमी दूर बंगापानी तहसील के आलम दारमा की महिला पार्वती धामी को प्रसव पीड़ा हुई। परिजन उसे लेकर महिला अस्पताल पिथौरागढ़ लाए। जहां पर महिला को भर्ती करा दिया। प्रसूता के साथ दो तीमारदारी को दो किशोरियां आई थी। दोपहर को भर्ती महिला का केस सायं पांच बजे गंभीर बताते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। साथ में आई तीमारदार किशोरियों ने रात के समय प्रसूता को हल्द्वानी ले जा पाने में असमर्थता जताई तो अस्पताल प्रशासन ने उनके साथ गलत व्यवहार कर जबरन बाहर कर दिया।
किशोरियों द्वारा अपने क्षेत्र के दो लड़कों को बुलाया गया। देर सायं प्रसूता तो लेकर हल्द्वानी रवाना हुए। रात्रि एक बजे हल्द्वानी पहुंचे। जहां एसटीएच में प्रसूता को भर्ती कर दिया। सुबह चार बजे एसटीएच में भी वही हुआ जो पिथौरागढ़ महिला अस्पताल में किया गया। सुबह चार बजे से केस गंभीर बताते हुए प्रसूता को बरेली या दिल्ली ले जाने को कहा गया। पहाड़ के गांव से हल्द्वानी पहुंची किशोरियां और दो किशोर अनभिज्ञ होने से मिन्नतें करते रहे, परंतु अस्पताल वालों ने प्रसूता को डिस्चार्ज कर दिया। किशोरियों ने इसकी सूचना बंगापानी में दुकान चलाने वाले प्रसूता के ससुर विजय धामी को दी। उन्होंने सुबह चार बजे से हल्द्वानी में कई लोगों को फोन लगाए परंतु कुछ भी नहीं हुआ। थक हार सब कुछ ऊपर वाले के भरोसे छोड़ कर बहू को किसी निजी अस्पताल में ले जाने को कहा।
प्रसूता के साथ गए किशोर और किशोरियों ने प्रसूता को हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया । भर्ती करने के एक घंटे बाद पार्वती का सामान्य प्रसव हो गया। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। ======== मानसिक उत्पीड़न का लगाया आरोप प्रसूता के परिजनों ने जिला महिला अस्पताल और एसटीएच हल्द्वानी के चिकित्सकों पर प्रसूता सहित परिजनों का मानसिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। शासन से इस मामले को लेकर दोनों अस्पतालों की जांच की मांग की है।