पदोन्नति में आरक्षण खत्म करने की मांग को लेकर जनरल-ओबीसी कर्मियों ने निकाला मशाल जुलूस
पदोन्नति में आरक्षण मसले पर गुरुवार की सायं पिथौरागढ़ में बेहद गर्म रही। इस
पिथौरागढ़, जेएनएन : पदोन्नति में आरक्षण मसले पर गुरुवार की सायं पिथौरागढ़ में बेहद गर्म रही। इस मुद्दे पर आमने-सामने आए कर्मचारियों ने मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकालकर अलग-अलग प्रदर्शन किए। दोनो वर्गों के कर्मचारियों के एक साथ सड़कों पर उतर जाने से पुलिस और प्रशासन की सांस फूल गई। पुलिस उपाधीक्षक को कमान संभालने के लिए उतरना पड़ा।
जनरल-ओबीसी इंप्लाइज यूनियन ने टकाना रामलीला मैदान से नगर में मशाल जुलूस निकाला। विभिन्न मार्गों से होते हुए जुलूस नगर पालिका चौक पहुंचा। इसी दौरान यूनियन से जुड़े कर्मचारी भी कैंडल मार्च लेकर नगर में निकले। दोनों जुलूस आमने सामने नहीं आए। जुलूस के दौरान अपनी-अपनी मांगों के समर्थन में कर्मचारियों ने जबरदस्त नारेबाजी की। टकराव की आशंका को देखते हुए नगर में भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस उपाधीक्षक आरएस रौतेला, कोतवाल ओपी शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। सब इंस्पेक्टर स्तर के तमाम कार्मिक नगर भर में तैनात रहे। मशाल जुलूस के दौरान संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए बड़े वाहनों का संचालन रोकना पड़ा। जनरल ओबीसी इंपलाइज यूनियन ने इससे पूर्व टकाना रामलीला मैदान में प्रदर्शन कर धरना दिया। यूनियन ने कहा है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती तब तक कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहेंगे।