पिथौरागढ़ जिले का पहला कोरोना संक्रमित युवक स्वस्थ होकर लौटा घर
पिथौरागढ़ जिले का पहला कोरोना संक्रमित बुधवार को स्वस्थ होकर घर लौट गया।
पिथौरागढ़, जेएनएन: जिले का पहला कोरोना संक्रमित बुधवार को स्वस्थ होकर घर लौट गया। आइसोलेशन सेंटर में तैनात चिकित्सा कर्मियों ने पुष्पवर्षा कर युवक को विदा किया। युवक को एक सप्ताह तक घर में ही क्वारंटाइन रहना होगा। जिले में अब संक्रमितों की संख्या घटकर 26 रह गई है।
जनपद में बाहर से लौटे 23 वर्षीय युवक की रिपोर्ट 22 मई को पॉजिटिव आई थी। 23 मई को युवक को आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कर दिया गया था। उपचार के बाद इस युवक का दोबारा सैंपल भेजा गया जो जांच में निगेटिव आया। युवक के स्वास्थ की जांच के बाद बुधवार को उसे घर भेज दिया गया। चिकित्सकों ने उसे अगले सात दिन तक होम क्वारंटाइन के नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा है। जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजिस्ट केसी भट्ट, नोडल अधिकारी राजेश ढकरियाल, फिजीशियन एमसी रजवार, मोहित पंत, कंचना कुमारी, विनीता ने पुष्प वर्षा कर युवक को विदाई दी।
जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या घटकर 26 रह गई है। आइसोलेशन सेंटर में रखे गए सभी लोगों का स्वास्थ में सुधार आ रहा है। =========== 21710 लोगों ने पूरा किया होम क्वारंटाइन पिथौरागढ़: जनपद में वापस लौटे 32724 लोगों में 21710 लोगों ने अब तक अपना होम क्वारंटाइन पूरा कर लिया है। 2536 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया है। 8451 लोग अभी होम क्वारंटाइन में रखे गए हैं। जिले में बुधवार को नए संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है।