हनिया के जंगलों में धधकी आग, दो हेक्टेयर जंगल जलकर खाक
पिथौरागढ़ जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही जंगल धधकने लगे हैं। डीडीहाट रेंज के हनिया वन क्षेत्र में आग लगी।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिले में तापमान बढ़ने के साथ ही जंगल धधकने लगे हैं। डीडीहाट रेंज के हनिया में आग से दो हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो गया। जिले में अब तक 12.30 हेक्टेयर जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं।
अप्रैल और मई मध्य तक बारिश के चलते जंगल शांत थे। अब जंगलों की आग बढ़ने लगी है। डीडीहाट वन क्षेत्र के अंतर्गत हनिया के आरक्षित जंगल में आग लग गई, जिससे दो हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम को आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। 15 फरवरी से 25 मई तक जिले में आग लगने की आठ घटनाएं हो चुकी है। जिनमें 12.30 हेक्टेयर जंगल जलकर खाक हो चुका है। इस वर्ष मध्य मई तक बारिश के चलते जंगलों में काफी नमी बनी हुई थी, जिससे जंगल आग से बचे हुए थे। इधर एक सप्ताह से बारिश का क्रम थम गया है, जिससे जंगल आग की चपेट में आने लगे हैं। 15 फरवरी से शुरू हुआ फायर सीजन 15 जून को खत्म होगा। अगले दो तीन दिनों में बारिश नहीं होने की स्थिति में जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने का अंदेशा है। 26 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान जहां 29 डिग्री के आसपास रहा वहीं घाटी वाले इलाकों में पारा 35 डिग्री तक पहुंच रहा है। ========== तापमान बढ़ने से जंगलों में आग लगने की घटनाएं बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट कर दिया गया है। जंगलों में आग लगने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच रही हैं।
- विनय भार्गव, प्रभागीय वनाधिकारी, पिथौरागढ़