आशाओं ने वित्त मंत्री के समक्ष किया प्रदर्शन
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिले की आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: जिले की आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को प्रदेश के वित्त मंत्री के सम्मुख प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। आशाओं ने मांगें पूर्ण होने तक अपना संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया। प्रदर्शन के दौरान आशाओं को मनाने आए एडीएम की आशाओं से तीखी नोकझोंक हुई। एडीएम ने आशाओं से वार्ता के लिए शुक्रवार को बैठक बुलाई है।
जिला चिकित्सालय परिसर में अटल आयुष्मान योजना के शुभारंभ के लिए पहुंचे प्रदेश के वित्त मंत्री प्रकाश पंत के समक्ष आशाओं ने विरोध प्रदर्शन किया। आशाओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि 24 घंटे की ड्यूटी के बाद भी उन्हें मासिक वेतन नहीं दिया जा रहा है। प्रसव, टीकाकरण, आदि का जो पारिश्रमिक उन्हें दिया जा रहा था वह भी समय पर नहीं मिल पा रहा है। तमाम राष्ट्रीय कार्यक्रम और सर्वे के कार्य आशाओं से कराए जा रहे हैं। इसके लिए कोई दैनिक भत्ता भी उन्हें नहीं मिल रहा है। आशाएं गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही हैं। आशाओं ने मांग की कि उन्हें भी अन्य राज्यों की तरह मासिक वेतन देते हुए राज्य कर्मचारी घोषित किया जाए। आशाओं की वित्त मंत्री से कोई वार्ता नहीं हो सकी। वित्त मंत्री के कार्यक्रम स्थल से लौटने के बाद भी आशाएं प्रदर्शन करती रही।
इस पर वार्ता के लिए पहुंचे एडीएम आरडी पालीवाल से भी उनकी तीखी नोकझोंक हुई। एडीएम ने आशाओं को शुक्रवार को वार्ता के लिए आमंत्रित किया है। आशाओं ने कहा कि जब तक उनकी मांग नहीं मानी जाती तब तक संघर्ष जारी रहेगा। आशाओं का नेतृत्व जिलाध्यक्ष इंद्रा देऊपा ने किया।