चुनाव कराने वाले कर्मचारी मतदान से महरूम रहेंगे
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: निकाय चुनाव संपन्न कराने वाले मतदान कार्मिकों को इस वर्ष मतदान का
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: निकाय चुनाव संपन्न कराने वाले मतदान कार्मिकों को इस वर्ष मतदान का अवसर नहीं मिलेगा। इन कर्मचारियों को अब पोस्टल बैलेट इश्यू नहीं होगा। निकाय चुनावों के लिए तैनात कर्मचारियों ने इसे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बनाते हुए मतदान का अधिकार दिए जाने की मांग की है।
अकेले पिथौरागढ़ नगर में 250 से अधिक कर्मचारी निकाय चुनाव में ड्यूटी देंगे। नगर के चार अन्य निकायों में भी कर्मचारियों की तादात लगभग इतनी ही बताई गई है। पूर्व के वर्षो में चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट की सुविधा मिलती थी। कर्मचारी अपने वोट का उपयोग करने के बाद ड्यूटी के लिए रवाना होते थे। पोस्टल वैलेट का उपयोग करने के लिए कर्मचारियों को प्रथम चुनाव प्रशिक्षण से सात रोज पूर्व चुनाव महकमे को आवेदन करना होता है, लेकिन इस वर्ष ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को मतदान की सुविधा नहीं मिल रही हैं। इससे कर्मचारियों में गहरी नाराजगी है। नाराज कर्मचारी कार्रवाई के डर से खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं। नाराज कर्मचारियों ने उन्हें भी मतदान की सुविधा दिए जाने की मांग की है।
रिटर्निग आफिसर उपजिलाधिकारी सदर एसके पांडेय ने कहा है कि कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट के सात दिन पूर्व आवेदन करना था, लेकिन एक भी कर्मचारी ने पोस्टल बैलेट की मांग नहीं की। अब कर्मचारियों को यह सुविधा दे पाना संभव नहीं है।
चुनाव मैदान में उतरे तमाम प्रत्याशियों ने चुनाव महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कर्मचारियों को मतदान की सुविधा नहीं देना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। प्रत्याशियों ने चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को मतदान की सुविधा दिए जाने की मांग की है।