तेज हवा चलने से दुकान पर गिरा पेड़, बाल-बाल बचे लोग
संवाद सूत्र नाचनी (पिथौरागढ़) थल-मुनस्यारी मार्ग में तेजम के पास तेज हवा चलने से एक विशाल वृक्ष
संवाद सूत्र, नाचनी (पिथौरागढ़) : थल-मुनस्यारी मार्ग में तेजम के पास तेज हवा चलने से एक विशाल वृक्ष उखड़ कर गिर गया। वृक्ष की चपेट में आने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। पेड़ के सड़क पर गिरने से यातायात बाधित हो गया। विद्युत लाइन टूटने से आपूर्ति भी बाधित हो गई है।
सोमवार सुबह मुनस्यारी तहसील के तल्ला जोहार क्षेत्र में तेज हवाएं चली। जबकि इस दौरान जिले के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ था। सुबह आसमान में छाए बादल भी छंट गए थे। तल्ला जोहार के तेजम क्षेत्र में तेज हवा चली। हवा से सड़क किनारे एक पेड़ उखड़ गया जो सड़क किनारे स्थित दीवानी राम के मकान की छत पर गिरा। जिससे छत क्षतिग्रस्त हो गई। इस मकान में दुकान है। दुकान में आए लोगों और दुकानदार ने जान बचाने को दौड़ लगा दी। पेड़ अपने साथ बिजली लाइन भी तोड़ता हुआ गिरा।
पेड़ के सड़क पर गिरने से थल-मुनस्यारी मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। दोनों तरफ वाहन फंस गए हैं। सुबह के समय मुनस्यारी सहित अन्य स्थानों से भारी संख्या में वाहन जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ सहित अन्य स्थानों को आते हैं। वहीं अन्य स्थानों से भारी संख्या में वाहन मुनस्यारी जाते हैं। गनीमत रही कि इस दौरान सड़क पर कोई वाहन नहीं था अन्यथा हादसा हो जाता । ======== चार अन्य पेड़ बने हैं खतरा नाचनी : बीते माह चम्पावत जिले के लोहाघाट में एक वाहन पर पेड़ गिरने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत के बाद भी लोनिवि व अन्य सड़क से जुड़े विभाग सजग नहीं हो रहे हैं। तेजम में सोमवार को जिस स्थान पर पेड़ गिरा है। उस स्थान पर चार और वृक्ष गिरने के कगार पर हैं। यह मार्ग जिले का प्रमुख पर्यटन मार्ग है। पर्यटन सीजन करीब है। प्रतिदिन पर्यटक वाहन मुनस्यारी आते जाते हैं। लोनिवि खतरा बने पेड़ों को नहीं हटा रही है। जिसे लेकर जनता में रोष बना है।