पूर्व सैनिकों की वर्षो पुरानी मुराद हुई पूरी, राईआगर में सेना कैंटीन को हरी झंडी
पिथौरागढ़ के बेरीनाग गंगोलीहाट के पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मुराद सेना ने पूरी कर दी गई है। जल्द ही राईआगर में सीएसडी कैंटीन खुलेगी।
बेरीनाग, जेएनएन : बेरीनाग, गंगोलीहाट के पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मुराद सेना ने पूरी कर दी है। पूर्व सैनिकों के लिए कैंटीन खोलने की स्वीकृति मिल गई है। कैंटीन गंगोलीहाट और बेरीनाग के मध्य में खोली जाएगी।
बेरीनाग और गंगोलीहाट में पूर्व सैनिकों की बड़ी तादात है, लेकिन इस क्षेत्र में अभी तक सैनिक कैंटीन नहीं है। जिसके चलते पूर्व सैनिकों को 100 किमी. दूर जिला मुख्यालय आना पड़ता था। पूर्व सैनिकों को मुख्यालय आने जाने में दो दिन खर्च करने के साथ ही आर्थिक भार भी झेलना पड़ता था। कई बार मुख्यालय की कैंटीन में सामान नहीं मिल पाने पर पूर्व सैनिक खाली हाथ लौटते थे। इस समस्या को देखते हुए पूर्व सैनिक क्षेत्र में सैन्य कैंटीन खोले जाने की मांग उठा रहे थे। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष एलएस डांगी ने बताया कि यह मांग बीते वर्ष भी सैन्य अधिकारियों के समक्ष रखी गई थी। उन्होंने बताया कि अब सेना ने क्षेत्र में कैंटीन खोलने की स्वीकृति दे दी है। कैंटीन के लिए मैनेजर, एकाउंटेंट, सेल्समैन और स्टोर कीपर की तैनाती के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। चार फरवरी तक इसके लिए आवेदन किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि कैंटीन खुल जाने से दोनों तहसीलों के साथ ही बागेश्वर जनपद के पूर्व सैनिकों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने इसके लिए भारतीय सेना का आभार जताया है।