महिला चिकित्सालय में दो महिलाओं की मौत के मामले पर फूटा आक्रोश, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जांच की उठाई मांग
पिथौरागढ़ महिला चिकित्सालय में दो दिन के भीतर दो महिलाओं की मौत से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। साथ ही मामले की जांच की मांग उठाई।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: महिला चिकित्सालय में दो दिन के भीतर दो महिलाओं की मौत से गुस्साए कांग्रेसियों ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले की जांच शीघ्र नहीं कराए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रसव के लिए आई न्यू बजेटी और बेरीनाग क्षेत्र की दो महिलाओं की मौत के बाद से ही जिले के लोगों में महिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को लेकर गहरा आक्रोश है। मंगलवार को इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर सरकार मातृ शिशु कल्याण के तमाम दावे कर रही है। दूसरी ओर अस्पतालों में प्रसव के लिए आ रही महिलाओं की लगातार मौत हो रही है। इससे सरकार के दावे पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं की मौत की उच्चस्तरीय जांच कराए जाने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाए जाने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों जिलाध्यक्ष त्रिलोक सिंह महर, अंजू लुंठी, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, पूर्व नगर अध्यक्ष पवन पाटनी, पीसीसी सदस्य दीपक लुंठी, अनिल जोशी, भुवन जोशी, कार्तिक खर्कवाल, राजेश शर्मा, बाब कन्याल, नीरज मेहता, नंदू सौरागी, आशीष सुकाली आदि शामिल थे।