नगर में हुई कार दुर्घटना, युवा व्यवसायी की मौत
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नगर के हनुमान मंदिर रोड में देर रात हुई एक कार दुर्घटना में नगर के
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: नगर के हनुमान मंदिर रोड में देर रात हुई एक कार दुर्घटना में नगर के युवा व्यापारी की मौत हो गई। व्यापारी के निधन की जानकारी मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। शोक में पुराना बाजार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
टकाना निवासी जितेंद्र(50) वर्मा बीती रात्रि अपने एक मित्र को छोड़कर अपने साथी कमल बिष्ट के साथ घर को लौट रहे थे। हनुमान मंदिर के पास उनकी कार असंतुलित होकर सड़क के नीचे पैदल रास्ते में आ गिरी। आवाज सुनकर पास में रहने वाले जगदीश पंत और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार का शीशा तोड़कर जितेंद्र और कमल को बाहर निकाला। अस्पताल पहुंचाए जाने के दौरान जितेंद्र ने दम तोड़ दिया। कमल को ज्यादा चोट नहीं आई।
सोमवार की सुबह जैसे ही नगर के लोगों को इस घटना की जानकारी मिली बड़ी संख्या में लोग पोस्टमार्टम हाउस में पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अपराह्न में रामेश्वर घाट में उनकी अंत्येष्टि हुई। भाईयों ने उन्हें मुखाग्नि दी। जितेंद्र अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गए हैं। नगर पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत, उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन जोशी, सभासद अनिल माहरा, पूर्व सभासद सुबोध बिष्ट सहित तमाम लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
जितेन्द्र के आकस्मिक निधन पर पुराना बाजार के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। स्वर्णकार संघ ने शोक सभा कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। शोक सभा में संघ के महासचिव रामू वर्मा, जिलाध्यक्ष हरीश वर्मा, सुनील वर्मा, दीपक चौधरी, कैलाश वर्मा, अभय वर्मा, मनोज वर्मा, मुकुल वर्मा, नीरज वर्मा, पिंकू वर्मा, पवन वर्मा, ललित वर्मा, उमेश वर्मा आदि मौजूद थे।