पिथौरागढ़ में क्वारंटाइन का उल्लंघन करने पर 11 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पिथौरागढ़ के गंगोलीहाट में क्वारंटाइन सेंटरों में रुके ग्यारह लोग बाजार में घुमते पकड़े गए।
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट: क्वारंटाइन सेंटरों में ठहराए गए लोग नियमों का उल्लंघन कर बाजार में घूम रहे हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस कड़ी नजर रख रही है। गंगोलीहाट में क्वारंटाइन सेंटर का उल्लंघन करने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
राइंका गंगोलीहाट में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर के नोडल अधिकारी प्रधानाचार्य शिवदयाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा कि क्षेत्र की एक महिला ने उन्हें फोन करके बताया कि क्वारंटाइन सेंटर से बाहर निकलकर 10-11 लोग बाजार में सामान की खरीददारी कर रहे हैं। उनके क्वारंटाइन सेंटर से बाहर निकलने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। जिस पर पुलिस ने धारा 188/269/270 व 51 बी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया। गुरू वार थानाध्यक्ष तारा सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्वारंटाइन सेंटर पहुंचकर नियमों का उल्लंघन करने पर रोहित सिंह, विरेंद्र सिंह, विकास सिंह, अशोक सिंह, रविंद्र सिंह, पंकज कुमार, चंदन सिंह, दीपक सिंह, पंकज कुमार, दीपक सिंह, नीरज कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। उधर, मुनस्यारी टीआरसी क्वारंटाइन सेंटर में लॉकडाउन का उल्लंघन करने व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर सुरेश राम व महेश राम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।