बिंद्रा रौंकली रं समाज की चुनी गई पहली महिला सरपंच, महिलाओं ने जताया हर्ष
पिथौरागढ़ के रौंगकोंग गांव की वन पंचायत के सरपंच चुनाव में बिंद्रा रौंकली को पहली महिला सरपंच चुनी गई।
धारचूला, जेएनएन: चीन सीमा से लगे उच्च हिमालयी रौंगकोंग गांव की वन पंचायत के सरपंच चुनाव में पहली बार एक महिला बिंद्रा रौंकली चुनी गई हैं। बिंद्रा रं समाज की पहली महिला सरपंच बनी हैं। जिसे लेकर महिलाओं ने हर्ष जताया है।
रौंगकोंग वन पंचायत के वन सरपंच के चुनाव बुधवार को धारचूला में हुए। इस समय उच्च हिमालयी गांवों के हिमाच्छादित होने से ग्रामीण धारचूला में प्रवास करते हैं। धारचूला में हुए वन सरपंच चुनाव के लिए तीन लोग बिंद्रा रौंकली, जीवन सिंह रौंकली और योगेश रौंकली प्रत्याशी थे। वन सरपंच चुनाव के लिए नौ मतदाता थे। बिंद्रा रौंकली को पांच मत, जीवन और योगेश को दो -दो मत मिले। चुनाव अधिकारी द्वारा बिंद्रा की जीत की घोषणा के साथ ही महिलाओं ने खुशी जताई। समाज सेवी एवं कांग्रेस नेत्री नंदा बिष्ट, उमि गुंज्याल, भगवती नबियाल, लक्ष्मी गब्र्याल, सरु खैर आदि महिलाओं ने क्षेत्र में पहली बार महिला सरपंच चुने जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से महिला प्रत्याशी पर सदस्यों ने विश्वास जताया उससे आने वाले समय में महिलाएं ग्राम प्रधान के बाद अब वनों की सुरक्षा में ही अपनी धाक जमाएगी।
इसके अलावा चीन सीमा से लगे गब्र्याग गांव की वन पंचायत के वन सरपंच सतीश गब्र्याल और नपलच्यू के सरपंच विकास सिंह नपलच्याल चुने गए हैं।