आरक्षण के विरोध में चंपावत में निकाली बाइक रैली
चम्पावत में जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोशिएशन के नेतृत्व में सोमवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, चम्पावत : जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोशिएशन के नेतृत्व में सोमवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने चम्पावत नगर में बाइक रैली निकाली। सैकड़ों बाइकों में सवार कर्मचारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली कलक्ट्रेट से शुरू होकर डिग्री कॉलेज रोड तक पहुंची। इस दौरान कई बार सड़क पर जाम भी लग गया।
संगठन के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रकाश जोशी, महामंत्री गोविंद सिंह बोहरा, सुरेंद्र सिंह सौन, एलएम चतुर्वेदी, जीवन चंद्र ओली आदि के नेतृत्व में निकली इस रैली में जिले भर से आए कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। रैली शुरू होने से पूर्व कर्मचारियों ने कलक्ट्रेट में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नारेबाजी के साथ शुरू हुई रैली में जिला मुख्यालय समेत लोहाघाट, पाटी, बाराकोट आदि स्थानों से सभी विभागों के कर्मचारी शामिल हुए। इस दौरान रोडवेज बस अड्डे के पास सभा कर कर्मचारियों ने पदोन्नति में आरक्षण को भेदभाव पूर्ण बताया। कहा कि इससे योग्यता का हनन होता है। उन्होंने शीघ्र सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुरूप पदोन्नति में आरक्षण नहीं हटाए जाने पर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर रवींद्र पांडेय, पुष्कर सिंह बोहरा, वंशीधर थ्वाल, रमेश देव, नगेन्द्र जोशी, बलवंत सिंह, वीरेंद्र सुयाल, डॉ. जानकी चंद, रमेश सिंह बोहरा, नारायणी बिष्ट, नीतू जोशी, निधि जोशी, मालविका पंत, ममता जोशी, रुद्र सिंह बोहरा, केएस अधिकारी, जगदीश अधिकारी, सुरेश चंद्र जोशी, जगदीश सिंह तड़ागी, महेश सिंह, गिरीश पांडेय, पुष्कर नाथ गोस्वामी समेत सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।