हर्षोल्लास के साथ मनाया भैया दूज पर्व
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भैयादूज पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुअ
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भैयादूज पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। घरों में उत्साह का माहौल रहा। बहनों ने विधि विधान से भाइयों के सिर पूजे। पर्व के चलते मंगलवार को वाहनों में खासी भीड़भाड़ रही।
भैयादूज पर्व पर विवाहित बहनों ने भाइयों के घर पहुंचकर उनके सिर पूजे। च्यूड़े, फूल, अक्षत से भाइयों की सिर पूजने के बाद बहनों ने आशीर्वाद लिया। भाइयों ने बहनों को उपहार देने के साथ ही उनकी रक्षा का वचन दिया। इस मौके पर घरों में विशेष पकवान बनाए गए। छोटे बच्चों में भैयादूज पर्व को लेकर विशेष उत्साह दिखा। पर्व को लेकर वाहनों में खासी भीड़भाड़ रही। वड्डा, जाजरदेवल, कनालीछीना, गुरना, आदि क्षेत्रों के लिए संचालित टैक्सियां पैक रही। स्टेशनों में भी खासी भीड़भाड़ रही। मिठाई की दुकानों पर भीं भीड़भाड़ लगी रही।
-----------
बाजारों में पसरा रहा सन्नाटा
पिथौरागढ़ : भैया दूज पर्व को लेकर मंगलवार को जहां घरों में विशेष रौनक रही वहीं बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। जिला मुख्यालय में अधिकांश लोगों ने अपने प्रतिष्ठान नहीं खोले। सुबह खुले अधिकांश प्रतिष्ठान दोपहर तक बंद हो गए। सायं पांच बजे ही बाजार में सन्नाटा पसर गया।
-------------
सरकारी दफ्तर खुले, लेकिन उपस्थिति रही न्यून
पिथौरागढ़ : मंगलवार को भैयादूज पर्व पर अवकाश घोषित नहीं किया गया था, सरकारी कार्यालय खुले रहे, लेकिन कार्यालयों में उपस्थित न्यून रही। अधिकांश कर्मचारियों ने अवकाश लेकर भैयादूज पर्व मनाया। महत्वपूर्ण पर्व पर अवकाश नहीं दिए जाने से कर्मचारियों में आक्रोश भी देखा गया।