खराब मौसम ने बढ़ाई दुश्वारियां
संवाद सूत्र, मुनस्यारी: सीमांत तहसील मुनस्यारी में खराब मौसम से लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। म
संवाद सूत्र, मुनस्यारी: सीमांत तहसील मुनस्यारी में खराब मौसम से लोगों की दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। मुनस्यारी को जोड़ने वाली 33 केवीए की लाइन टूट जाने से तहसील के लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। लगातार हो रहा हिमपात टूटी लाइन को जोड़ने में बाधक बन रहा है।
तहसील मुख्यालय के नजदीक कालामुनी में बिजली लाइन की लाइन बर्फवारी के चलते टूट गई। जिससे तहसील मुख्यालय सहित सैकड़ों गांव अंधेरे में डूब गए। मंगलवार की देर सायं टूटी लाइन बुधवार की सायं पांच बजे तक भी नहीं जुड़ पाई। ऊर्जा निगम कर्मियों को भारी हिमपात के चलते लाइन जोड़ने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग हिमपात थमने का इंतजार कर रहा है। बिजली गुल होने से तहसील वासियों की दिक्कतें और बढ़ गई हैं।
----------
पावर ग्रिड स्टेशन में दो बार ग्रिड फेल
पिथौरागढ़: जिला मुख्यालय के चंडाक स्थित पावर स्टेशन में बुधवार को दो बार ग्रिड फेल हो गया। पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे और इसके बाद दो बजे के आसपास यह समस्या आई। ग्रिड फेल हो जाने से जिला मुख्यालय की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बताया जा रहा है कि आकाशीय बिजली के चलते यह समस्या पैदा हुई। जिला मुख्यालय में बिजली गुल रहने से लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को ठंड दूर करने के लिए लकड़ी और कोयले जलाने पड़े।
-------- मजदूर हो गए बेरोजगार
पिथौरागढ़: पिछले दो दिन से खराब मौसम के चलते तमाम निर्माण कार्य ठप पड़ गए हैं। इसका सबसे ज्यादा असर मजदूर तबके पर पड़ा है। काम नहीं होने से मजदूर घरों में बैठने को मजबूर हैं। नगर में रेहड़ी, फड़ आदि लगाने वाले लोगों को भी कारोबार बंद रखना पड़ा। बाजार में बहुत कम लोग निकले। दोपहर बाद अधिकांश दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए।