एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग : मंगोलिया में दिखेगा पिथौरागढ़ की नेहा के पंच का दम
सीमांत जिले पिथौरागढ़ की नेहा कसन्याल एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता के लिए मंगोलिया रवाना हो गई हैं।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : सीमांत जिले पिथौरागढ़ की नेहा कसन्याल एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता मे प्रतिभाग के लिए मंगोलिया रवाना हो गई हैं। देश भर से इस प्रतियोगिता के लिए पांच युवतियों का चयन हुआ है, जिसमें नेहा शीर्ष पर है। भारत को नेहा के प्रदर्शन से खासी उम्मीदें हैं।
जिला मुख्यालय के नजदीक नैनी-सैनी गांव की रहने वाली नेहा तमाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें मंगोलिया के उलानबटोर में आठ नवंबर से शुरू होने वाली एशियन यूथ वूमेन बाक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। नेहा भारतीय टीम के कोच भाष्कर भट्ट के साथ मंगोलिया के लिए रवाना हो गई हैं। भारतीय टीम में देश भर से चुनी गई पांच युवतियां शामिल हैं। 18 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नेहा के प्रदर्शन को लेकर खासी उम्मीदें हैं।
नेहा वर्तमान में सांई एक्सटेंशन सेंटर देव सिंह मैदान में अपने कोच भाष्कर भट्ट से प्रशिक्षण ले रही हैं। जिला क्रीड़ा अधिकारी संजीव पौरी ने नेहा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता देश के साथ साथ सीमांत जिले के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। टीम में जिले की बाक्सर नेहा शामिल हैं साथ ही टीम को नेतृत्व पिथौरागढ़ के ही रहने वाले बाक्सिंग कोच भाष्कर भट्ट कर रहे हैं।