मनमानी से खिन्न महिलाओं ने की ऑल वेदर रोड जाम
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: ऑल वेदर रोड के मलबे के निस्तारण में हो रही मनमानी से खिन्न महिलाआ
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: ऑल वेदर रोड के मलबे के निस्तारण में हो रही मनमानी से खिन्न महिलाओं ने शुक्रवार को चूलाकोट के पास चक्का जाम कर दिया। आधे घंटे तक महिलाओं ने एनएच के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मनमानी बंद नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन छेड़ देने की चेतावनी दी।
प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने कहा कि ऑल वेदर रोड का मलबा मनमाने ढंग से निस्तारित किया जा रहा है। गधेरों में मलबा फेंके जाने से तमाम प्राकृतिक जल स्रोत मलबे से पट गए हैं। ग्रामीणों के खेत भी मलबे से पाट दिए गए हैं। शिकायत के बाद भी एनएच के अधिकारी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। प्रशासन के सामने मामला रखे जाने के बाद भी इस दिशा में कोई पहल नहीं हो रही है। मजबूर होकर उन्हें चक्का जाम करना पड़ा है। इसके बाद भी मलबा डंपिंग जोन में डालने की कार्रवाई नहीं होती है तो एनएच को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा।
जाम के चलते पिथौरागढ़- टनकपुर, पिथौरागढ़- अल्मोड़ा रू ट पर आवागमन करने वाले सैकड़ों वाहन फंस गए। यात्रियों को हो रही परेशानी को देखते हुए महिलाओं ने खुद ही जाम खोल दिया। महिलाओं ने कहा कि मलबा निस्तारण में आज जो मनमानी की जा रही है भविष्य में उसका नुकसान क्षेत्र के लोगों को झेलना पड़ सकता है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले को क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी भट्ट और ग्रामीण संघर्ष समिति भी लगातार उठाती आ रही है।