पुलिस के खिलाफ गरजे लोग, नाबालिग छात्रा का सुराग न लगने से आक्रोश
छह दिन से लापता नाबालिग बालिका का कोई सुराग नहीं लगने से गुस्साए लोगों ने पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
झूलाघाट, जेएनएन : छह दिन से लापता नाबालिग बालिका का कोई सुराग नहीं लगने से क्षेत्र की जनता का धैर्य अब जवाब देने लगा है। नाबालिग का पता नहीं चलने पर क्षेत्र की जनता ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया।
गुरुवार को कोमलानंद चौक पर भुवन पंगरिया के नेतृत्व में एकत्र झूलाघाट के व्यापारियों, ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस नाबालिग का पता लगाने में असफल साबित हो रही है। घटना के छह दिन बीतने के बाद भी नाबालिग का कोई सुराग नहीं लग सका है। जिस कारण परिजन परेशान हैं। लोगों ने कहा कि यदि अविलंब पुलिस ने खोजबीन अभियान तेज नहीं किया तो क्षेत्र की जनता उग्र आंदोलन को बाध्य होगी। प्रदर्शन करने वालों में जानकी कापड़ी, परमानंद पंत, हरीश सिंह बिष्ट, हरी बल्लभ भट्ट, मान सिंह गोबाड़ी, खीमानंद जोशी, बलदेव गड़कोटी, नवीन चंद्र भट्ट, नरी चंद, रामू गोबाड़ी, उदय चंद, भरत चंद, पप्पू वर्मा, लक्ष्मण चंद आदि शामिल थे। ======= पुलिस अपना काम तत्परता से कर रही है। जिला मुख्यालय से एसडीआरएफ की टीम झूलाघाट पहुंच गई है। एसआइ कंचन पलड़िया के नेतृत्व में एसडीआरएफ व पुलिस कर्मियों द्वारा काली नदी में नाबालिग की खोजबीन की जा रही है।
- महेश चंद्र, थाना प्रभारी, झूलाघाट।