नौ घंटे बंद रहा अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग
जेएनएन पिथौरागढ़/धारचूला शनिवार की रात्रि की बारिश से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग मकड़ाऊ के
जेएनएन, पिथौरागढ़/धारचूला: शनिवार की रात्रि की बारिश से अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मार्ग मकड़ाऊ के पास नौ घंटे बंद रहा। सैकड़ों वाहन फंसे रहे। रोडवेज, केमू बसों सहित अल्मोड़ा, नैनीताल व हल्द्वानी आने जाने वाले वाहन फंसे रहे। रात भर सफर करने के कारण थके यात्रियों को फजीहत झेलनी पड़ी। उधर कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग तीसरे दिन भी बंद है। पचास हजार के आसपास की आबादी प्रभावित है। जौलजीवी-मुनस्यारी मार्ग पर भी मलबा आने से सुबह यातायात बाधित रहा।
पिथौरागढ़-घाट-पनार-अल्मोड़ा मार्ग पिथौरागढ़ की लाइफ लाइन है। इसी मार्ग से हल्द्वानी को वाहन चलते हैं। गैस, समाचार पत्र व सब्जी सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी इसी मार्ग से पिथौरागढ़ आती हैं। शनिवार की भारी बारिश से पिथौरागढ़ से लगभग पैंतालीस किमी दूर अल्मोड़ा जिले में ध्याड़ी और मक ड़ाऊ के पास मलबा आ गया और पेड़ गिर गए। जिससे मार्ग बंद हो गया। सुबह जब समाचार पत्र लेकर टैक्सियां यहां पहुंची तो मार्ग बंद मिला। इस दौरान रात को मैदान से चल कर सुबह पिथौरागढ़ पहुंचने वाली रोडवेज की बसें भी फंस गई। पिथौरागढ़ से सुबह मैदानी क्षेत्रों को जाने वाली बसें और हल्द्वानी जाने वाली केमू की बसें भी फंस गई।
लोनिवि अल्मोड़ा को सूचना दिए जाने के बाद नौ बजे के आसपास से मार्ग खोलने का कार्य किया गया, परंतु मलबा हटाते ही पहाड़ की तरफ से मलबा गिरने से कार्य प्रभावित रहा। साढ़े बारह बजे के बाद मार्ग खुल सका। इस दौरान मैदानी क्षेत्रों से रात भर सफर कर पिथौरागढ़ आ रही सवारियों को फजीहत झेलनी पड़ी। विशेषकर महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक परेशान रहे। चाय व पानी के लिए तरसते रहे।
धारचूला से मिली जानकारी के अनुसार कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग बयालधार के पास तीसरे दिन भी बंद रहा। इस स्थान पर लगातार मलबा गिर रहा है। मांगती, गर्बाधार, सिमखोला, बुंगबुंग, गाला, जिप्ती सहित उच्च हिमालयी व्यास घाटी का संपर्क भंग है। लगभग पचास हजार की आबादी प्रभावित है। ग्रामीणों को पैदल चलना पड़ रहा है। वहीं जौलजीवी-मुनस्यारी मार्ग पर बलमरा के पास मलबा आने से सुबह मार्ग बंद रहा। बाद में बीआरओ द्वारा मलबा हटाए जाने पर मार्ग छोटे वाहनों के लिए खुल सका है।
========
ऊंची चोटियों पर तीसरे दिन भी हिमपात जारी
मुनस्यारी: हिमालय की ऊंची चोटियों पर तीसरे दिन भी हिमपात जारी है। बारिश और चोटियों पर हिमपात से मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्र में ठंड ने दस्तक दे दी है। लोग गरम कपड़े पहनने को मजबूर हो चुके हैं। राजरंभा, पंचाचूली,नंदा देवी, नंदा कोट, हंसलिंग व छिपलाकेदार में तीसरे दिन भी हिमपात हो रहा है। जिसके चलते तापमान में लगातार कमी आती जा रही है। उधर धारचूला के दारमा और व्यास की भी ऊंची चोटियों पर हिमपात हो रहा है।