बेरीनाग में प्रशासन ने रोका अवैध निर्माण कार्य
बेरीनाग नगर पंचायत के भट्टीगांव वार्ड में नाग मंदिर के निकट नगर पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से चल रहे निर्माण कार्य पर प्रशासन ने रोक लगा दी है।
संवाद सूत्र, बेरीनाग: नगर पंचायत के भट्टीगांव वार्ड में नाग मंदिर के निकट नगर पंचायत की भूमि पर अवैध रू प से चल रहे भवन निर्माण कार्य पर प्रशासन ने रोक लगा दी है। प्रशासन को क्षेत्र में नगर पंचायत की भूमि पर अवैध निर्माण कार्य करने की शिकायत मिली थी।
भट्टीगांव वार्ड के के नाग मंदिर के निकट कुछ समय पूर्व जल निगम द्वारा पेयजल टैंक का निर्माण कार्य कराया गया। यहां पर कुछ भूमि खाली पड़ी थी। जिस पर अवैध निर्माण कार्य करके कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। नगर पंचायत की भूमि पर चार कॉलम बनाकर छत डालने की तैयारी चल रही थी। भट्टीगांव के ग्रामीणों ने इसकी शिकायत स्थानीय प्रशासन को की। सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार पंकज चंदोला व राजस्व उपनिरीक्षक मनीषा बिष्ट मौके पर पहुंचे। उन्होंने अवैध निर्माण कार्य तत्काल रोक दिया और चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नायब तहसीलदार चंदोला ने कहा कि अवैध निर्माण कार्य करने की किसी को भी इजाजत नहीं दी जाएगी।