हरकत में आया प्रशासन, संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर में अब एक साथ नहीं रखे जाएंगे नए-पुराने लोग
जागरण की खबर का संज्ञान लेते हुए पिथौरागढ़ नगर में प्रशासन ने एक और क्वारंटाइन सेंटर खोल दिया है।
पिथौरागढ़, जेएनएन : क्वारंटाइन सेंटर में पुराने और नए लोगों को एक साथ रखे जाने को लेकर हो रहे विरोध को देखते हुए प्रशासन ने अब नई रणनीति तय कर ली है। क्वारंटाइन सेंटर में पहले से रखे गए लोगों के साथ नए आने वाले लोगों को नहीं रखा जाएगा। इन्हें अलग-अलग सेंटरों में रखा जाएगा। गुरुवार को प्रशासन ने जिला मुख्यालय में एक और क्वारंटाइन सेंटर शुरू कर दिया।
बाहरी जिलों से आने वाले लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में रखा जा रहा है। क्वारंटाइन सेंटर में सात दिन से अधिक समय बिता चुके लोगों के साथ ही एक दिन पूर्व आए लोगों को भी रखा जा रहा था। जिसका पुराने लोग विरोध कर रहे थे। बीते रोज क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम (सदर) तुषार सैनी के सामने लोगों ने अपनी समस्या रखते हुए आशंका जताई थी कि बाद में आने वाले लोगों से संक्रमण की आशंका है। इस समस्या को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार से व्यवस्था में बदलाव कर दिया। एसडीएम सैनी ने बताया कि अब पुराने और नए लोगों को एक कक्ष में नहीं रखा जाएगा। इन्हें अलग-अलग कक्ष आवंटित किए जायेंगे। इनके लिए शौचालय भी अलग-अलग होंगे। इससे पुराने और नए लोगों के बीच किसी तरह का सम्पर्क नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए गुरुवार को एक निजी स्कूल में एक और संस्थागत क्वारंटाइन की व्यवस्था कर दी गई है।