बैंक खाता न होने से एसिड अटैक पीड़िता को नहीं मिली मदद
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: लाल फीता शाही का आलम यह है कि जिसे मदद की दरकार है उसका बैं
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: लाल फीता शाही का आलम यह है कि जिसे मदद की दरकार है उसका बैंक खाता भी बिना फरियाद लगाए नहीं खुल पा रहा है। पांच माह पूर्व एसिड अटैक हमले में बुरी तरह घायल हुई महिला को बैंक खाता नहीं होने के चलते अब तक सहायता राशि नहीं मिल पाई है। जनता दरबार में यह मामला आने पर जिलाधिकारी ने तत्काल महिला का खाता खोले जाने के निर्देश मातहत अधिकारियों को दिए।
नगर के लिंठ्युडा वार्ड में रहने वाली महिला परवीन पर उसके पड़ोसी ने ही एसिड फेंक दिया था। इस तरह के हमलों में पीड़ित महिला का अविलंब आर्थिक सहायता दिए जाने का प्राविधान है, लेकिन महिला को पांच माह बाद भी सहायता नहीं मिल पाई है। आर्थिक रू प से परेशान महिला के पति ने सोमवार को यह मामला जनता दरबार में रखा। जिलाधिकारी ने अविलंब महिला का खाता खोलने और शासन से प्राप्त चार लाख की धनराशि महिला के खाते में डाले जाने के निर्देश दिए। जनता दरबार में 88 शिकायतें पंजीकृत हुई। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान हुआ और शेष समस्याओं को 15 दिन के भीतर हल करने के निर्देश जिलाधिकारी ने दिए। जिलाधिकारी ने टैक्सी यूनियन की शिकायत पर स्पीड गवर्नर की मूल्य सूची दुकानों के बाहर चस्पा करने के निर्देश देत हुए कहा कि अधिक मूल्य वसूलने वालों पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जनता दरबार में तमाम विभागीय अधिकारी मौजूद थे।