महंगाई को लेकर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बाद अब आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पिथौरागढ़ में प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बाद अब आम आदमी पार्टी कार्यकर्ता भी सड़कों पर उतरने लगे हैं। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को महंगाई के खिलाफ जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के इस्तीफे की मांग की।
सिमलगैर बाजार में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने कहा कि लाकडाउन में तमाम लोगों के रोजगार छिन गए, ऊपर से महंगाई ने लोगों को बेहाल कर दिया है। आलू, प्याज जैसी सामान्य सब्जियां भी लोग नहीं खरीद पा रहे हैं। गरीबों के समक्ष दो जून की रोटी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि महंगाई को काबू करने के भाजपा के दावे हवा-हवाई साबित हुए हैं। आप पार्टी कार्यकर्ता अब इस मामले में खामोश नहीं बैठेंगे। गांव-गांव जाकर भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखा जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में सुरेश जोशी, सुशील खत्री, धीरज जोशी, शंकर राम, कैलाश कठायत, विनय भाटिया, दीपक कुमार, भावना शर्मा, रितू, संजय कुमार, जाकिर, नीरज, शाहिद हुसैन, मुबारक हुसैन, विनोद जोशी आदि शामिल थे।