नाबालिग से दुष्कर्म में 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार
पिथौरागढ़ के तल्ला जौहार क्षेत्र के एक युवक को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: तल्ला जौहार क्षेत्र के एक युवक को पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों ने मामले की रिपोर्ट तीन वर्ष बाद दर्ज कराई। आरोपित के धमकाने से परिजन परेशान थे।
नाचनी थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि बीते रोज क्षेत्र के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए हरीश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शनी ने अविलंब आरोपित को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी ने दबिश देकर आरोपित हरीश सिंह को चिलकिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी बिष्ट ने बताया कि आरोपित ने वर्ष 2017 में क्षेत्र की नाबालिग युवती से दुराचार किया था। पीड़ित परिवार बदनामी के डर से खामोश रहा। इसके बाद से ही आरोपित परिवार को धमका रहा था। परेशान होकर युवती के पिता ने रिपोर्ट दर्ज करा दी। उन्होंने बताया कि आरोपित युवक के खिलाफ धारा 376, 3/4 पोक्सो अधिनियम के साथ ही विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपित को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआइ मीनू गौतम, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, प्रियंका राज शामिल थे।