मंदिर के लिए खोदाई के दौरान मिले 1840 के चांदी के चार सिक्के
पिथौरागढ़ मुनस्यारी के चौना गांव में मादियो मंदिर निर्माण की खोदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिले।
मुनस्यारी, जेएनएन : सीमांत तहसील मुनस्यारी के चौना गांव में मादियो मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए हो रही खोदाई के दौरान ब्रिटिशकालीन चार चांदी के सिक्के मिले हैं। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का हुजूम सिक्के देखने के लिए उमड़ पड़ा। ग्राम प्रधान ने सिक्के सुरक्षित रख लिए हैं, जिन्हें पुनर्निर्माण हो जाने पर मंदिर में चढ़ाया जाएगा।
चौना गांव में स्थित मादियो मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य इन दिनों चल रहा है। पुराने मंदिर की नींव की खुदाई के दौरान गुरुवार को चमकते हुए चांदी के चार सिक्के मिले। मजदूरों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान चंचल सिंह चिराल को दी। सिक्के मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। खुदाई में मिले सिक्कों में ब्रिटिश इंडिया और एक रुपया दर्ज है। सिक्के के दूसरी ओर क्वीन विक्टोरिया का चित्र उकेरा गया है। ग्राम प्रधान चिराल ने बताया कि सिक्कों को सुरक्षित रख लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे साबित हो गया है कि मादियो देवता मंदिर का निर्माण 1840 के आस-पास हो गया था। उन्होंने कहा कि मंदिर का पुनर्निर्माण हो जाने पर सिक्कों को फिर से मंदिर में चढ़ा दिया जाएगा। ======== ब्रिटिशकाल में चांदी के सिक्कों का प्रचलन था। इन सिक्कों में पूरा विवरण दर्ज है। ऐतिहासिक काल खंड के हिसाब से सिक्कों का बहुत ज्यादा महत्व नहीं है। मुनस्यारी क्षेत्र के कई लोग व्यापार में संलग्न थे। संभवतया उन्हीं के द्वारा इन सिक्कों को मंदिर में चढ़ाया गया होगा।
- डॉ. मंजू महर प्राध्यापक (इतिहास) महाविद्यालय मुनस्यारी