कीचड़ में फंसी 108 एंबुलेंस, कर्मियों ने पुलिस चौकी में ली शरण
पिथौरागढ़ में मौसम के खराब होने से 108 एंबुलेंस व कर्मचारी कीचड़ से सने मार्ग में फंस गए।
पिथौरागढ़, जेएनएन : मौसम ने 108 एंबुलेंस की राह रोक दी। हाईवे पर घाट के निकट आए मलबे में फंसी एंबुलेंस पर पहाड़ की तरफ से गिर रहे पत्थरों से बचने के लिए एंबुलेंस कर्मियों ने भाग कर घाट चौकी में रात बिताई।
शनिवार की रात को 108 एंबुलेंस गंगोलीहाट को जा रही थी। इस दौरान मौसम खराब हो गया। एंबुलेंस जैसे ही पिथौरागढ़ से तीस किमी दूर घाट के पास पहुंची तो घाट पुलिस चौकी से लगभग दो सौ मीटर दूर पहाड़ की तरफ से मलबा गिरने लगा और एंबुलेंस मलबे में फंस गई। इसी दौरान पहाड़ की तरफ से पत्थर गिरने लगे। जिससे एंबुलेंस सहित उसमें सवार पायलट सहित दूसरे कर्मचारी को खतरा हो गया। दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए एंबुलेंस से बाहर निकल कर दलदल बने मार्ग पर दौड़ लगा कर पुलिस चौकी में जाकर शरण ली ।
गनीमत यह रही कि इस दौरान एंबुलेंस में कोई रोगी नहीं था। एंबुलेंस रोगी की कॉल पर जा रही थी। मौसम खुलने के बाद जेसीबी मंगाई गई और पीछे से चैन लगाकर एंबुलेंस को मलबे से निकाला गया।