युवाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर : भगत
जागरण संवाददाता, कोटद्वार : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि लॉकडाउन के चलते जो युवा अपने
जागरण संवाददाता, कोटद्वार :
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि लॉकडाउन के चलते जो युवा अपने घरों को वापस लौटे हैं, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार योजनाएं संचालित कर रही है।
गुरुवार को कोटद्वार विधानसभा में भाजपा की वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने यह बात कही। कहा कि कार्यकर्ताओं से वीडियो कांफ्रेंसिग के माध्यम से जुड़कर पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजीटल इंडिया के सपने को साकार कर रही है। आज ही के दिन 1975 में लगाए गए आपातकाल को देश के लिए काला दिवस बताते हुए उन्होंने कहा कि आपातकाल कांग्रेस का एक ऐसा चेहरा दिखाता है कि कि कांग्रेस सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में आमजन के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। कहा कि केंद्र ने जहां सौभाग्य योजना से गांवों को रोशन किया, वहीं उज्जवला योजना के जरिए हर परिवार तक गैस पहुंचाई। कहा कि कश्मीर से धारा 370 हटा कर प्रधानमंत्री ने यह दिखा दिया है कि देश को सिर्फ चलाना नहीं है, बल्कि तरक्की के मार्ग पर आगे भी बढ़ाना है। संबोधन में उन्होंने राम जन्म भूमि, तीन तलाक, नागरिकता संशोधन बिल सहित अन्य विषयों पर भी चर्चा की।
कहा कि लॉकडाउन के चलते नौकरी छोड़ घर लौट चुके युवाओं के भविष्य को लेकर नई योजनाएं बनाई जा रही हैं। कहा कि इन युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उन्हें सब्सिडी पर ऋण देने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र की योजनाएं व कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष संपत सिंह रावत, काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे।