पूर्व फौजी की हत्या में पत्नी और प्रेमी को किया गिरफ्तार
कलालघाटी में बीती 27 सितंबर को पूर्व फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक फौजी की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार लिया है।
कोटद्वार, जेएनएन। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत मानपुर कलालघाटी में बीती 27 सितंबर को पूर्व फौजी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक फौजी की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार लिया है। मृतक की माता की ओर से दोनों पर उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाया गया था। पूर्व फौजी एक माह पूर्व ही सेना से सेवानिवृत्त होकर घर आया था।
बताते चलें कि 27 सितंबर की रात मानपुर निवासी पूर्व फौजी राम सिंह पुत्र ठाकुर सिंह को घायल हालत में बेस चिकित्सालय में लाया गया। जहां चिकित्सक ने राम सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद चिकित्सालय पहुंची पुलिस को मृतक राम सिंह की पत्नी भूमा देवी ने बताया कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उनके पति की मौत हो गई।
हालांकि, मृतक के शरीर पर जगह-जगह चोट के निशान मिलने पर पुलिस को मामला संदेहास्पद लगा। पुलिस ने मामले की गोपनीय जांच शुरू कर दी। इस बीच 30 सितंबर को मृतक राम सिंह की माता पारेश्वरी देवी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए अपनी पुत्रवधू व उसके प्रेमी पर उनके बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि मृतक राम सिंह की पत्नी भूमा देवी के पड़ोस में रहने वाले संतोष चौधरी (मूल निवासी ग्राम अभिमाला, यमकेश्वर) से अवैध संबंध थे। संतोष प्लंबर का काम करता है।
पुलिस ने जब भूमा देवी से सख्ती से पूछताछ की तो भूमा देवी ने हत्या करने की बात स्वीकार ली। बताया कि राम सिंह एक माह पूर्व ही सेना से सेवानिवृत्त होकर घर आया था। इसके बाद राम सिंह को उसके व संतोष के मध्य अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी। इस वजह से वह आए दिन उससे झगड़ा करता था। इससे परेशान होकर उसने संतोष के साथ मिलकर राम सिंह की हत्या की योजना बनाई।
भूमा देवी ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर की रात राम सिंह शराब के नशे में था। उसी दौरान भूमा देवी ने संतोष को फोन कर घर में बुला दिया और दोनों ने मिलकर पहले राम सिंह को सीढि़यों से धक्का दिया और बाद में ईंटों से पीट कर उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: किरायेदार महिला की हत्या में इंजीनियर को उम्रकैद Dehradun News
पुलिस के मुताबिक हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर दी गई है। है। हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में कोतवाल मनोज रतूड़ी के साथ ही एसएसआई प्रदीप नेगी, एसआई दीपक तिवारी, सतेंद्र भंडारी, संदीप शर्मा, भावना भट्ट, रचना सहित कई अन्य शामिल रहे।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में साले ने जीजा की हत्या की, शव टुकड़े करने बाद खेत में दबाया