चारोंधाम की ऊंची चोटियों पर हिमपात
जागरण टीम, गढ़वाल: बदले मौसम से शनिवार को बदरी-केदार, गंगोत्री- यमुनोत्री की चोटियों पर
जागरण टीम, गढ़वाल: बदले मौसम से शनिवार को बदरी-केदार, गंगोत्री- यमुनोत्री की चोटियों पर बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में तेज बारिश हुई। इससे निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है।
चमोली जिले में बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, फूलों की घाटी सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी व निचले स्थानों में बारिश हुई। बदरीनाथ धाम के नर नारायण पर्वत , नीलकंठ पर्वत में बर्फबारी से यात्रियों को एक नया अनुभव है। उधर शनिवार रात से चल रही बारिश परेशानी का सबब बनी है। भूस्खलन से बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बंद हो गई है। वहीं गोपेश्वर बाईपास में भी पेड़ गिरने से दुर्घटना होते बची।
दूसरी ओर गोपेश्वर ¨घघराण मोटर मार्ग पर बाईपास में पहाड़ी से टूट कर चीड़ का पेड़ सड़क पर गिर गया। इस दौरान दो घंटे में सड़क से पेड़ को काटकर हटाया गया।
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम की ऊंची पहाड़ियां पर बर्फबारी का सिलसिला जारी है। जिला मुख्यालय के साथ ही पूरे जिले में बारिश होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। केदारनाथ के लिए हेली कंपनियों ने भी रुक-रुककर सेवाएं दी। केदारनाथ की यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को बारिश के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ा। बर्फबारी व बारिश के चलते तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई।
सीमांत जनपद उत्तरकाशी में शुक्रवार की रात शुरू हुई बारिश रविवार को भी पूरे दिन जारी रही। गंगोत्री व यमुनोत्री की पहाड़ियों पर हिमपात भी लगातार जारी रहा, जिससे ऊंची चोटियों ने बर्फ की चादर ओढ ली तथा धाम सहित जनपद में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। उत्तरकाशी में रविवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरकाशी, चिन्यालीसौड़, बड़कोट, पुरोला तथा नौगांव में भी ठंड का असर देखा गया। लोगों ने अपने गर्म कपड़े बाहर निकाले।
मंडल मुख्यालय पौड़ी तथा इससे सटे क्षेत्रों में रविवार को सुबह से ही बारिश होती रही। कभी हल्की तो कभी तेज बारिश से जन-जीवन भी प्रभावित रहा। अचानक मौसम में आए बदलाव और बारिश से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 12 संपर्क मार्गों पर वाहनों की आवाजाही भी बाधित रही। श्रीनगर गढ़वाल में शनिवार सांय से श्रीनगर क्षेत्र में बारिश का दौर जारी रहा। कभी रिमझिम तो कभी तेज बारिश से मौसम में भी बदलाव आया है। रविवार को लोगों को गर्मी से भी पूरी तरह निजात मिली। निरंतर बारिश होने से बाजार भी सूने दिखाई दिए।