नाना के घर आए पोते पर लंगूर ने किया हमला, एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत
यमकेश्वर ब्लॉक के ठांगर गांव में एक दर्दनाक घटना हुई, जहां लंगूर के हमले में 12 वर्षीय शिवांश की एम्स ऋषिकेश में इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक के ठांगर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नाना के घर आया 12 साल का बच्चा लंगूर के हमले में घायल हो गया, जिसकी बाद में एम्स में उपचार के दौरान मौत हो गई।
ठांगर गांव के प्रधान लक्ष्मी देवी ने बताया कि बागौड़ गांव निवासी शिवांश पुत्र सतीश कुछ दिन पहले अपने नाना स्वर्गीय भारत सिंह के घर ठांगर गांव आया हुआ था। बीते 9 अक्टूबर को शिवांश कुछ सामान लेने ठांगर बाजार गया था। बाजार से घर लौटते समय अचानक एक लंगूर उसके सिर पर कूद गया। हमले में शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। एम्स में उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से लंगूरों का आतंक बना हुआ है। इस समस्या को लेकर कई बार वन विभाग को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है। वन विभाग के दरोगा दाताराम ने बताया कि विभागीय स्तर पर जानकारी ली जा रही है।
