पटाखा बाजार को लेकर नहीं बनी सहमति
संवाद सहयोगी कोटद्वार प्रशासन और व्यापारियों के बीच बैठक में पटाखों की दुकान लगाने के लि
संवाद सहयोगी, कोटद्वार: प्रशासन और व्यापारियों के बीच बैठक में पटाखों की दुकान लगाने के लिए जगह चिह्नित नहीं हो पाई। प्रशासन पटाखों की दुकान लगाने के लिए ग्रास्टनगंज मैदान को लेकर अड़ा हुआ था। जबकि, व्यापारी शहर के अंदर ही किसी खाली मैदान में व्यवस्था बनाने की जिद पर अड़े थे। अंत में प्रशासन ने व्यापारियों को जगह चिह्नित करने के साथ ही चयनित भूमि की एनओसी लाने के लिए दो दिन का समय दिया है।
शनिवार को तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। प्रशासन और पुलिस ने व्यापारियों के सामने पटाखे की दुकान ग्रास्टनगंज के खाली मैदान में लगाने का प्रस्ताव रखा। पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिल जोशी ने कहा कि ग्रास्टनगंज के आसपास आबादी क्षेत्र नहीं है। ऐसे में पटाखों की दुकान लगाने के लिए ग्रास्टनगंज से बेहतर स्थान कोई नहीं हो सकता। व्यापार मंडल ने प्रशासन और पुलिस के इस प्रस्ताव का विरोध किया।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि ग्रास्टनगंज का मैदान शहर से काफी दूर है। ऐसे में व्यापारियों को वहां ग्राहकों के पहुंचने की कोई उम्मीद नहीं है। कहा कि प्रशासन को दुकान लगाने के लिए शहर के अंदर ही कोई खाली मैदान देखना चाहिए। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में पटाखों की दुकान लगाने के लिए जगह निर्धारित नहीं हो पाई। अंत में उप जिलाधिकारी ने व्यापारियों को खुद ही पटाखों की दुकान लगाने के लिए जगह चिह्नित करने की बात कही। कहा कि चयनित जगह के लिए व्यापारियों को खुद ही एनओसी लानी होगी। यदि प्रशासन को चयनित भूमि पटाखा बाजार के लिए बेहतर नहीं लगी तो उस स्थान को निरस्त कर दिया जाएगा। कहा कि शहर के अंदर आबादी क्षेत्र में किसी भी हाल में पटाखे की दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। इस मौके पर तहसीलदार विकास अवस्थी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, संजय मित्तल आदि मौजूद रहे।