गड्ढों में सड़क ढूंढ रहे राहगीर
जागरण संवाददाता, पौड़ी: मंडल मुख्यालय पौड़ी में मुख्य मार्गों के अलावा कई अंदरुनी मार्गों पर जग
जागरण संवाददाता, पौड़ी: मंडल मुख्यालय पौड़ी में मुख्य मार्गों के अलावा कई अंदरुनी मार्गों पर जगह-जगह बने गड्ढे राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बारिश हो जाए तो इन गड्ढों में पानी भर जाने से राह चलते लोग और भी परेशान हो जाते हैं। जनहित से जुड़ी यह समस्या शायद सरकारी वाहनों में बैठकर जाते अधिकारियों को दिखती नहीं। सूरते-हाल तो कुछ यही इशारा कर रही है।
शहर के कोटद्वार को जाने वाला मुख्य मार्ग कई स्थानों पर जर्जर होकर दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है। कमोवेश यही हाल श्रीनगर रोड पर भी कई स्थानों पर देखा जा सकता है। इस सबके बीच बस स्टेशन पर भी कई स्थान पर मुख्य मार्ग की स्थिति से सभी वाकिफ हैं, लेकिन जनता की इस समस्या से मानो किसी को कोई सरोकार ही नहीं है। मुख्यालय में कोई वीआइपी मूवमेंट हुआ तो इन जर्जर मार्गों पर हल्का डामर बिछाकर कार्य की इतिश्री कर दी जाती है, लेकिन स्थायी मरम्मत की जहमत नहीं उठाई जाती। मार्ग के जर्जर होने की बात यहीं ठहर नहीं जाती। मुख्यालय के पूल्ड हाउस में भी कर्मचारियों के आवास को जाने वाले संपर्क मार्ग इस कदर बदहाल हैं कि इस पर कई दोपहिया वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। ¨चता की बात यह है कि यह स्थिति काफी लंबे समय से बनी है लेकिन जिम्मेदार विभाग लोनिवि, एनएच आदि विभाग मार्ग को दुरस्त करने की बैठकों में हामी तो भरते हैं, लेकिन धरातल में कुछ नहीं करते। पिछले साल जिला प्रशासन ने सड़कों पर बने गड्ढे की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार विभागों को निर्देशित भी किया, लेकिन कुछ अमल नहीं हुआ। पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक नमन चंदोला, स्थानीय निवासी प्रदीप सजवाण, मानवेंद्र, शशि, दिनेश थपलियाल आदि का कहना है कि मार्गों पर गड्ढे बने होने से दुपहिया वाहन चलाते समय हमेशा खतरा बना रहता है। इधर, संपर्क करने पर जिला प्रशासन ने भी सड़कों पर गड्ढे बने होने को गंभीर माना है। अपर जिलाधिकारी रामजी शरण शर्मा ने कहा कि इस संबंध में पूर्व में भी विभागों को निर्देशित किया गया था। कहा कि लापरवाही ठीक नहीं है। फिर से विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।