गर्भवती महिला की ड्यूटी लगाने पर डीएम ने किया तलब
संवाद सहयोगी पौड़ी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान गर्भवती महिला से का
संवाद सहयोगी, पौड़ी: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान गर्भवती महिला से काम लिए जाने पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को तलब किया। हालांकि जिला समाज कल्याण अधिकारी ने ऐसी किसी भी महिला कर्मचारी की ड्यूटी लगाने से साफ इन्कार किया।
गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता नमन चंदोला ने जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल को एक शिकायती पत्र सौंपा। बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में लॉकडाउन के दौरान एक गर्भवती महिला कर्मचारी से कार्य लिया जा रहा है। जबकि शासन की ओर से निर्देश जारी है कि कोई महिला कर्मचारी गर्भवती है तो उनसे कार्य न लिया जाए। बावजूद इसके जिला समाज कल्याण विभाग मे एक गर्भवती महिला से कार्य लिया जा रहा है। शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जिलाधिकारी धीराज सिंह गब्र्याल ने जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा को तलब किया। हालांकि जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा ने किसी भी गर्भवती महिला कर्मचारी से कार्य लिए जाने की बात से साफ इन्कार किया। सुनीता अरोड़ा ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के महिला छात्रावास की अधीक्षिका हरिद्वार से आने के बाद होम क्वारंटाइन हो रही थी। होम क्वारंटाइन की अवधि पूर्ण करने के बाद वह ज्वाइनिग देने आई थी। वहीं सुनीता अरोड़ा ने यह भी बताया कि उक्त महिला कर्मचारी का चयन अन्य किसी विभाग में हो गया है। वह समाज कल्याण विभाग से इस्तीफा दे चुकी हैं। इस्तीफे के बाद ज्वाइनिग का बेतुका जवाब
इस पूरे प्रकरण में जिला समाज कल्याण अधिकारी का जवाब बेतुका है। एक तरफ जिला समाज कल्याण अधिकारी कह रही हैं कि उक्त महिला कर्मचारी होम क्वारंटाइन की अवधि पूर्ण करने के बाद विभाग में ज्वाइनिग देने आई थी। वहीं दूसरी ओर वह यह भी कह रही हैं कि उक्त महिला कर्मचारी विभाग से इस्तीफा दे चुकी हैं। उसका चयन अन्य किसी विभाग में हो गया है।