शराब में कीटनाशक मिलाकर पिता को पिलाया, खुद भी गटका, दोनों की मौत
पौड़ी के थलीसैंण में एक बेटे ने शराब में कीटनाशक मिलाकर अपने पूर्व सैनिक पिता को पिलाया और फिर खुद भी पी लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पौड़ी। थाना थलीसैंण क्षेत्र के मरोड़ा गांव में पिता-पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में कीटनाशक पीने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुत्र ने पहले शराब में कीटनाशक मिलाकर अपने पूर्व सैनिक पिता को पिलाया और इसके बाद खुद भी उसका सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थलीसैंण ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष थलीसैंण रविंद्र नेगी ने बताया कि मरोड़ा गांव निवासी बिगारी सिंह (53) ने 19 अगस्त की शाम अपने पिता बख्तावर सिंह (85) के साथ शराब पी। इसी दौरान बिगारी सिंह ने शराब में कीटनाशक मिला दिया। पहले उसने पिता को यह शराब पिलाई और बाद में खुद भी पी ली।
बताया गया कि बिगारी सिंह बेरोजगार था और शराब का आदी था। उसके बेटे मोहन सिंह के अनुसार, पैसों के लेनदेन को लेकर बिगारी सिंह और उसके पिता के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी। इसी को घटना का संभावित कारण माना जा रहा है। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उन्हें सीएचसी थलीसैंण ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए कीटनाशक समेत अन्य सामग्री कब्जे में ले ली।
पुलिस ने जिला अस्पताल पौड़ी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें स्वजनों को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने बताया कि मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
