डीएम के आश्वासन पर आशा कार्यकर्ता लौटीं
जिलाधिकारी के आश्वासन पर कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने कार्य बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल:
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल के आश्वासन पर कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 से संबंधित कार्य बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया। एक जुलाई से कीर्तिनगर ब्लॉक की सभी पहले की तरह कोविड-19 से संबंधित कार्यों में जुट गई।
बीते 27 जून से आशा कार्यकर्ता कोविड-19 से संबंधित कार्यों का बहिष्कार कर रही थीं। कीर्तिनगर ब्लॉक क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता संगठन की अध्यक्ष लक्ष्मी जोशी ने कहा कि बीते मंगलवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल मंगेश घिल्डियाल के साथ हुई वार्ता में उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों के संदर्भ में वह शासन को रिपोर्ट प्रेषित करेंगे। डीएम स्तर की जो भी समस्याएं होंगी उनका निदान करने का भी आश्वासन डीएम ने दिया। आशा कार्यकर्ता संगठन की कीर्तिनगर ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी जोशी ने कहा कि जिलाधिकारी के साथ ही एसडीएम कीर्तिनगर, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी कीर्तिनगर को भी उन्होंने लिखित में अवगत करा दिया है कि एक जुलाई से क्षेत्र की सभी आशा कार्यकर्ता पहल की तरह कोविड-19 से जुड़े कार्यों में जुट गई हैं। अध्यक्ष लक्ष्मी जोशी ने कहा कि बीते 14 जून को तल्या मंडल क्षेत्र में कार्यरत आशा कार्यकर्ता मकानी देवी की कोविड-19 से ही मौत हो गई थी। उनके परिवार को पर्याप्त आर्थिक मदद के साथ ही आशा कार्यकर्ताओं को कोविड-19 में कार्य करने को लेकर समुचित सहायता और सुविधाएं प्रदान करने, अतिरिक्त मानदेय देने और राजकीय कर्मचारी घोषित करने की भी मांग को लेकर 27 जून से कोविड-19 का कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। इस मौके पर आशा संगठन की टिहरी जिलाध्यक्ष आशा भट्ट, पार्वती भट्ट, सरिता देवी, आशा देवी के साथ ही संगठन के अन्य नौ ब्लॉकों की अध्यक्ष भी इस अवसर पर मौजूद थीं।