शहर की समस्याओं पर मुखर हुई एनएसयूआइ
संवाद सहयोगी पौड़ी भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के पदाधिकारियों ने शहर की ि
संवाद सहयोगी, पौड़ी: भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआइ) के पदाधिकारियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को लेकर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को छात्र संगठनों ने पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम से बस अड्डा निर्माण समेत शहर की विभिन्न समस्याओं पर वार्ता की। अध्यक्ष ने समस्याओं के जल्द निस्तारण का आश्वासन दिया।
एनएसयूआइ के पदाधिकारियों ने पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम को शहर की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा है। एनएसयूआइ के जिलाध्यक्ष गौरव सागर व छात्रसंघ अध्यक्ष आस्कर रावत ने कहा कि पौड़ी शहर में जगह-जगह पर पुलिस कर्मी चालान कर रहे हैं। एक ही दिन में एक ही वाहन को कई बार रोका जा रहा है, जिससे आमजन परेशान हैं। कहा कि शहर में कई स्थानों में स्ट्रीट लाइट खराब हो चुकी है, जिस पर पालिका प्रशासन का ध्यान नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल की स्थिति लगातार खराब हो रही है, जिसका निस्तारण करना जरुरी है। कहा कि लंबे समय से बस अड्डा का निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है, जिससे वाहन चालकों को पार्किंग करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने उन्हें शहर की समस्याओं का निस्तारण करने का आश्वासन दिलाया है। इस मौके पर सचिन रावत, शुभम रावत व नवीन नेगी आदि मौजूद थे।