अब गांवों में लगेंगी विज्ञान चौपाल
जागरण संवाददाता श्रीनगर गढ़वाल आम जनता में विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता पैदा करने क
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल:
आम जनता में विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता पैदा करने को लेकर अब गांवों में विज्ञान चौपाल का आयोजन किया जाएगा। जिसके माध्यम से आम जनता को स्कूलों की विज्ञान प्रयोगशालाओं में होने वाले शोध कार्यों और उससे मिलने वाले लाभों के बारे में भी जानकारियां दी जाएंगी। राजकीय इंटर कॉलेज मंजाकोट के जीव विज्ञान प्रवक्ता डॉ. अशोक कुमार बडोनी और सुभाष इंटर कॉलेज थौलधार के गणित प्रवक्ता राजेश चमोली की संयुक्त पहल पर यह अभियान शुरू हुआ है। जिसे शिक्षा विभाग के साथ ही अन्य स्कूलों के शिक्षकों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। रविवार को राइंका आंछरीखूंट परिसर में विज्ञान चौपाल का आयोजन कर इस योजना का शुभारंभ किया गया।
राइंका आंछरीखूंट से शुरू हुए विज्ञान चौपाल अभियान में क्षेत्र के ग्रामीणों को सफाई स्वच्छता के साथ ही चीन से फैले कोरोना वायरस के बारे में भी जानकारियां दी गयीं। वन विभाग के अधिकारियों ने वनों को आग से बचाने को लेकर प्रशिक्षण दिया। राइंका न्यूली के छात्र-छात्राओं ने सफाई स्वच्छता को लेकर आकर्षक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। विज्ञान चौपाल के मुख्य संयोजक डॉ. अशोक कुमार बडोनी ने कहा कि रविवार को आंछरीखूंट में अभियान की शुरूआत करने के बाद अब यह विज्ञान चौपाल गांव-गांव में लगायी जाएंगी। लक्ष्य यही है कि जनता विशेषकर ग्रामीण विज्ञान के महत्व और उपलब्धियों के बारे में रुचि के साथ जानकारियां भी प्राप्त करें। इससे आम जनता भी विज्ञान से सीधे जुड़ेगी।
राइंका आंछरीखूंट परिसर में विद्यालय के प्रधानाचार्य जोखन प्रसाद कुशवाहा ने विज्ञान चौपाल का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। बालगंगा महाविद्यालय सेंदुल भिलंगना के हिदी विभाग अध्यक्ष डॉ. डीएस भंडारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विज्ञान दो विज्ञान शिक्षकों का यह अभिनव प्रयोग आम जनता के लिए बहुत लाभकारी है। प्रधानाचार्य श्री कुशवाहा ने कहा कि विज्ञान चौपाल के माध्यम से समाज को सीधे विज्ञान से जोड़ने की यह पहल बहुत लाभकारी है। वन विभाग के फॉरेस्टर सुखदेव बडोनी ने अपनी टीम के साथ ग्रामीणों को जंगलों में लगने वाली आग के कारणों और उससे बचाव के बारे में जागरूक किया। इस मौके पर मदनमोहन रावत, अमित नौडियाल, विद्यालय के शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष महावीर भंडारी, बुद्धिप्रकाश नेगी, जगमोहन नेगी, राकेश गोदियाल मौजूद रहे।