बाथरूम में गुलदार के घुसने से हड़कंप, वन विभाग की टीम ने पिंजरे में किया कैद
तोक गांव तैरण में एक गुलदार बाथरूम में घुस गया इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वहां पहुंची और गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया।
पाटीसैंण(पौड़ी गढ़वाल), जेएनएन। पोखड़ा ब्लॉक के अंतर्गत ग्रामसभा गडरी के तोक गांव तैरण में एक गुलदार बाथरूम में घुस गया, इससे मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम वहां पहुंची और गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया।
दरअसल, पौड़ी जिले के तैरण गांव निवासी दिलवर सिंह सुबह बाथरूम गए, तो वहां उन्होंने गुलदार को बैठे देखा। इससे उनके हाथ-पांव फूल गए। दिलवर सिंह ने तुरंत ही बाथरूम का दरवाजा बंद कर दिया और अन्य ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद उनके घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बाथरूम में गुलदार घुसे होने की सूचना पर वन दारोगा सोबन सिंह, गंगा सिंह और मुकेश कुमार अन्य कर्मियों के साथ गांव में पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से बाथरूम के दरवाजे पर पिंजरा लगा दिया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। रेंज अधिकारी अनिल सिंह रावत ने बताया कि गुलदार की आयु करीब सात-आठ वर्ष है और गुलदार पूरी तरह स्वस्थ है।
उधर, ग्राम प्रधान महिपाल सिंह रावत ने वन विभाग से क्षेत्र में टीम की तैनाती किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। इससे पहले भी कई बार गुलदार देखे जा चुके हैं। गुलदार खेतों में घास काटने वाले महिलाओं पर झपट्टा मारने का प्रयास भी कर चुका है।
यह भी पढेें: रुद्रप्रयाग में गुलदार ने महिला को बनाया निवाला, जंगल से अधखाया शव बरामद