विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोटद्वार: एकेश्वर ब्लॉक में दिनदहाड़े महिला पर गुलदार का हमला, ग्रामीणों में दहशत और डर

Published: Wed, 13 May 2026 11:34 AM (GMT+05:30)

एकेश्वर ब्लॉक के भरपूर गांव में दिनदहाड़े एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र, पाटीसैंण। एकेश्वर और पोखड़ा ब्लॉक में गुलदार का आतंक थमता नजर नहीं आ रहा। एकेश्वर ब्लॉक के भरपूर गांव में दिनदहाड़े गुलदार ने एक महिला पर झपट्टा मार दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है।

एकेश्वर ब्लॉक के भरपूर गांव निवासी हेमा देवी (24 वर्ष) पत्नी विपिन नेगी सुबह करीब 10 बजे घर से कुछ दूरी पर गोबर डालने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हेमा पर झपट्टा मार दिया।

ग्रामीणों ने शोर मचाया

अचानक हुए हमले से हेमा जोर-जोर से चीखने लगी। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने शोर मचाया और पत्थर फेंक किसी तरह गुलदार को वहां से भगाया। घटना के बाद महिला बुरी तरह घबरा गई। ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित घर पहुंचाया।

भरपूर गांव सहित आसपास के गांवों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही लगातार देखी जा रही थी। लेकिन, अब दिनदहाड़े गांव के नजदीक हमला होने से लोगों का डर और बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि गुलदार अब आबादी वाले क्षेत्रों में बेखौफ घूम रहा है।

सुबह और शाम के समय गांव के आसपास कई बार गुलदार की आहट सुनाई देती है। महिलाएं घास और लकड़ी लेने जंगल जाने से डर रही हैं, जबकि किसान खेतों में अकेले जाने से कतरा रहे हैं। बच्चों को विद्यालय भेजने में भी अभिभावकों को चिंता सता रही है। कई ग्रामीण अब समूह बनाकर ही खेतों और जंगल की ओर जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पौड़ी के सासौं स्कूल के पास दिखे 2 गुलदार, बच्चों की सुरक्षा के लिए दो दिन का अवकाश

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों से दहशत, बाघ-गुलदार और हाथियों के हमलों में लगातार मौत