स्टेशन पर हर रोज बृजमोहन की राह ताकते हैं जरूरतमंद
संवाद सहयोगी पौड़ी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान पुलिस कर्मी बेसहारा लोगों का सहारा बने हुए हैं।
संवाद सहयोगी, पौड़ी: कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लॉकडाउन के दौरान पुलिस कर्मी बेसहारा लोगों के लिए मददगार बने हुए हैं। पौड़ी शहर में तैनात एक पुलिसकर्मी पिछले दो महीनों से लगातार अपने खर्चे पर बेसहारा लोगों को भोजन व फल वितरित कर रहा है। अभी तक वह करीब 250 लोगों को खाना खिला चुके हैं। इनमें कई लोग ऐसे हैं जो हर रोज बृजमोहन का इंतजार करते हैं।
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए किए गए लॉकडाउन में पुलिस कर्मी कोरोना वॉरियर के रूप में अहम भूमिका निभा रहे है। पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था को सुचारू करने से लेकर जरूरतमंदों को भोजन सामग्री, लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करवाने आदि को लेकर जागरूक कर रहे हैं। पौड़ी यातायात पुलिस में तैनात हेडकांस्टेबिल बृजपाल सिंह पिछले दो महीने से बस स्टेशन में यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के साथ ही जरूरतमंदों को अपने खर्चे पर भोजन, फल व कंबल भी उपलब्ध करवा रहे हैं। बृजमोहन जरूरतमंदों को खाना कभी घर से तो कभी मैस से बना कर लाते हैं। इसके अलावा व हर रोज फल खरीद कर लोगों में वितरित करते हैं। बृजमोहन बताते हैं कि वह अपनी सीमित आय के हिसाब से हर संभव मदद करने का प्रयास कर रहे हैं। बृजमोहन ने बताया कि बस अड्डे पर ड्यूटी के दौरान उन्होंने लोगों की मजबूरी व दयनीय स्थिति को देखा। उन्हें आभास हुआ कि भगवान ने उन्हें इन लोगों की मदद योग्य बनाया है। बृजपाल का कहना है कि यह समय देश के लिए कुछ करने का समय है। सभी लोगों को जितना संभव हो सके जरूरतमंदों की सहायता करनी होगी।
फोटो- 26पीएयूपी 2