हार के डर से छूटे निकायों में चुनाव नहीं करा रही भाजपा
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड के छूटे
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड के छूटे निकायों के चुनाव भाजपा सरकार हार के डर से नहीं करा रही है। आरोप लगाया कि इसीलिए सरकार निकाय चुनाव टालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर कांग्रेस सरकार के समय शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया। इसके लिए कांग्रेस शीघ्र ही अभियोग पत्र तैयार कर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि काले धन को सफेद करने के लिए नोटबंदी की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने यहां नगर पालिका सभागार में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गरीब सवर्णों को आरक्षण देने की पहल पूर्व में कांग्रेस सरकार ने ही की थी, इसीलिए कांग्रेस ने बीजेपी के दस प्रतिशत आरक्षण का समर्थन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत ने कहा कि केंद्र सरकार ने दो करोड़ बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की बात कही थी, जो झूठी साबित हुई। केंद्र सरकार की सरकारी सेवाओं में अभी भी 24 लाख पद रिक्त चल रहे हैं। उत्तराखंड में भी लगभग 20 हजार पद रिक्त चल रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने में भी नाकाम साबित हुई। दस प्रतिशत गरीब सवर्ण आरक्षण बीरबल की खिचड़ी बनाने जैसा है। यह मात्र एक चुनावी जुमला है। कांग्रेस नेता ने राफेल और नोटबंदी को बड़ा घोटाला बताते हुए कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी और सीबीआइ का दुरुपयोग कर कर्नाटक में सरकार अस्थिर करने का कार्य भाजपा सरकार कर रही है, जो लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए नुकसानदेह होगा। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने सुमाड़ी में एनआइटी के स्थायी परिसर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था, लेकिन प्रदेश की वर्तमान सरकार एनआइटी को हटाने का षड्यंत्र रच रही है। उन्होंने कहा कि एनआइटी स्थायी परिसर के निर्माण को लेकर कांग्रेस शीघ्र ही एक दिवसीय उपवास एवं धरना-प्रदर्शन भी करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने हर वर्ष बजट सत्र को गैरसैंण में कराने का विधानसभा में संकल्प पारित किया था, लेकिन वर्तमान सरकार बजट सत्र को गैरसैंण में न कराकर देहरादून में कर रही है, जो कि विधानसभा संकल्प की अवमानना है। इस मौके पर केदारनाथ विधायक मनोज रावत, पूर्व अनुसूया प्रसाद मैखुरी, गणेश गोदियाल, पूर्व एमएलसी पृथ्वीपाल चौहान, सुशील राठी, ब्लाक प्रमुख खिर्सू सुषमा नेगी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप तिवाड़ी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य वीरेंद्र नेगी, नगर अध्यक्ष भूपेंद्र पुंडीर, गणेश भट्ट मौजूद थे।
लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को श्रीनगर में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथस्तर पर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान जिसे भी लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी घोषित करेगा, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसकी जीत के लिए जी-जान से कार्य करेंगे। श्रीनगर के पूर्व विधायक गणेश गोदियाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार के झूठे वादों को अब जनता भी समझ चुकी है। आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को इसका जवाब भी देगी। कांग्रेस प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर ऐतिहासिक मतों से जीत दर्ज करेगी। अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष तामेश्वर आर्य, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष राजेश्वरी रावत, नगर अध्यक्ष मीना रावत, डॉ. प्रताप भंडारी, गढ़वाल विवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप पंवार, पुष्पेंद्र पंवार, युवक कांग्रेस के श्रीनगर विधानसभा अध्यक्ष विपिन रावत, हीरालाल जैन, झाबर ¨सह रावत, जेपी पुरी, शिवकांत कंडारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैठक में शामिल थे। इससे पूर्व श्रीनगर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डालमियां धर्मशाला परिसर से एक बड़े जुलूस के साथ उन्हें बैठक स्थल नगरपालिका सभागार ले जाया गया।