कौन हैं उत्तराखंड की डॉ. मनीषा निगम? राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ चयन
National Teacher Award 2026: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की डॉ. मनीषा निगम को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चुना गया है।

शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। Dr Manisha Nigam: हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम का चयन भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दिए जाने वाले राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए हुआ है।
देशभर से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए इस वर्ष केवल 21 शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी), केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षा मंत्रालय की ओर से 21 अगस्त को जारी पत्र के अनुसार, पुरस्कार समारोह पांच सितंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित होगा। प्रत्येक पुरस्कार के तहत प्रशस्ति-पत्र, 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और रजत पदक प्रदान किया जाएगा।
डॉ. निगम के चयन को गढ़वाल विश्वविद्यालय की अकादमिक उपलब्धियों में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए विश्वविद्यालय की शिक्षिका का चयन पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट अकादमिक परंपरा, शिक्षकों की प्रतिबद्धता और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित करती है।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसाईं, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो. हरभजन सिंह चौहान, डीन नियुक्ति एवं प्रोन्नति प्रो. एमएस पंवार, जनसंपर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा समेत शिक्षकों और अधिकारियों ने भी डॉ. निगम को शुभकामनाएं दीं।
