पूर्व सैनिक की जीवटता को ट्रस्ट करेगा सम्मानित
उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट पूर्व सैनिक को सम्मानित करेगा। इस सम्मान समारोह का आयोजन 25 मार्च को रानीखेत में किया जाएगा।
पौड़ी, [जेएनएन]: उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट पूर्व सैनिक की जीवटता को सम्मानित करेगा। जिला मुख्यालय पौड़ी में ट्रस्ट ने पुरस्कारों की घोषणा कर दी है, जिन्हें 25 मार्च को रानीखेत में आयोजित 28वें सम्मान समारोह में पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। ट्रस्ट जन सरोकार के क्षेत्र में तीन सम्मान और मीडिया के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों को तीन पुरस्कार देता है।
जिला मुख्यालय पौड़ी में उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के महासचिव ललित मोहन कोठियाल ने पुरस्कारों की घोषणा की। इस मौके पर उन्होंने बताया कि उमेश डोभाल की पुण्य स्मृति में उमेश डोभाल स्मृति सम्मान समारोह 2018 का आयोजन 25 मार्च को रानीखेत में किया जाएगा।
कोठियाल ने बताया कि उमेश डोभाल स्मृति सम्मान रानीखेत निवासी ले. जनरल सेवानिवृत मोहन भंडारी को प्रदान किया जाएगा। जिन्हें सेना विषय पर लेखन के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजेंद्र पंत राजू जनसरोकार सम्मान चंपावत के पुष्पनगर गांव निवासी पूर्व सैनिक बृजेश चंद्र बिष्ट को दिया जाएगा। जिन्होंने अपने गांव के लिए अपनी मेहनत के दम पर मोटर मार्ग बनाया। गिरीश तिवारी गिर्दा जनकवि सम्मान अध्यापक व कवि महेश पुनेठा को दिया जाएगा, जो पिथौरागढ़ जनपद के रहने वाले हैं। कोठियाल ने बताया कि मीडिया के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वालों में सोशल मीडिया के क्षेत्र में दैनिक उत्तराखंड पोर्टल के संपादक योगेश भट्ट को सम्मानित किया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में संदीप सिंह गुसांई और प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में अजय जोशी को सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तराखंड बोर्ड में 12वीं के गरीब मेधावी दो बच्चों अनिरुद्ध जोशी एवं दीपा जोशी को प्रतिभा पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसमें 25-25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके लिए चंपावत के टनकपुर बनबसा निवासी मनीषा लोहिया व शुभम पाठक को चयनित किया है। उन्होंने बताया कि आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी है। सम्मान समारोह में व्याख्यान व उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा भी की जाएगी।
यह भी पढ़ें: सड़क के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन, सरकार पर लगाया उपेक्षा का आरोप
यह भी पढेें: गर्मी शुरू होते ही दून में गहराने लगा पेयजल संकट