चीनी सामान का पूर्ण बहिष्कार किया जाए
पूर्वी लद्दाख के गलवन घाटी में चीन की धोखेबाजी के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल: पूर्वी लद्दाख के गलवन घाटी में चीन की धोखेबाजी के खिलाफ जनता का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। रविवार को सैन्य परिवार से जुड़ी महिला सरस्वती नेगी और पुष्कर नेगी के नेतृत्व में श्रीनगर के गोला पार्क पर चीन के राष्ट्रपति के खिलाफ नारेबाजी कर लोगों से चीन में बने हर सामान का पूर्ण बहिष्कार करने का आह्वान किया गया।
चीन को सैन्य और आर्थिक दोनों मोर्चों पर पटकनी देने को जरूरी भी बताया। सरस्वती नेगी ने गोला पार्क पर लगी लोहे की रेलिग को स्वयं के हाथों से चीन के खिलाफ लिखे नारों के पोस्टरों से भी पाट दिया गया था। महिला के साथ ही युवाओं को भी पोस्टरों के साथ चीन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते देख वहां से गुजर रहे लोगों में भी चीन के प्रति आक्रोश बढ़ता भी देखा गया।
आंचल डेयरी क्षेत्र निवासी सैन्य परिवार से जुड़ी सरस्वती नेगी ने रविवार को अपने अन्य साथियों के साथ श्रीनगर के गोला पार्क पर चीन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रदर्शन भी किया। चीन के खिलाफ लगते नारों में महिला सरस्वती की आवाज सबसे आगे गूंजती भी रही। इस अवसर पर चीन में बने हर सामान का पूर्ण बहिष्कार करने का आह्वान भी जनता से किया गया। सरस्वती नेगी ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि चीन को उसकी इस करतूत और धोखेबाजी का कड़ा सबक सिखाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वदेशी सामान के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना जरूरी है। पहाड़ों के सरकारी स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की भी मांग विशेष रूप से सरस्वती नेगी ने की। अभिलाष नेगी, पुष्कर नेगी सहित अन्य ने भी चीन के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया।